भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में मिली करारी हार के बाद न्यूजीलैंड की टीम वापसी की तलाश में है. टीम के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने अपने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर बड़ा बयान दिया है.
क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेले गए दोनों ही मुकाबलों में भारतीय टीम ने 4-4 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज कर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है. तीसरे टी20 मुकाबले के लिए वेलिंगटन पहुंचने के बाद रॉब वाल्टर ने माना कि उनकी टीम ने अहम मौकों पर हाथ में आए अवसरों को गंवाया, जिसके चलते उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
मीडिया से बातचीत करते हुए किवी कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि दोनों ही मैच बेहद करीबी रहे और उनकी टीम के पास जीत दर्ज करने का पूरा मौका था. वाल्टर ने कहा कि टी20 क्रिकेट में हार और जीत का अंतर बहुत मामूली होता है. शायद हमने दोनों मैचों में कुछ ऐसे मौके गंवाए, जहां हम मुकाबला अपने नाम कर सकते थे.
यह थोड़ा निराशाजनक जरूर है, लेकिन जिस तरह से हमारी टीम ने खेल दिखाया है, उससे मैं खुश भी हूं. उन्होंने आगे कहा कि सीरीज से पहले किवी टीम ने ज्यादा प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला था, फिर भी खिलाड़ियों ने 80% मैच में बेहतरीन खेल दिखाया. हालांकि, मैच के आखिरी लम्हों में सही फिनिश नहीं दे पाना टीम को भारी पड़ गया.
4-21 off his four overs. That's our skipper 😍 https://t.co/vi2jn2w92S
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) October 24, 2026
दोनों टी20 मैचों में कैसा रहा मुकाबला?
पहले टी20 मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 225/4 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. जवाब में भारत ने संजू सैमसन की 33 गेंदों पर 67 रनों की तूफानी पारी की बदौलत 19.4 ओवर में 6 विकेट खोकर 230 रन बनाकर जीत दर्ज की.
दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने ग्लेन फिलिप्स के 70 रनों के दम पर 180/5 का स्कोर बनाया. जवाब में तिलक वर्मा के नाबाद 51 रनों (26 गेंद) की बदौलत भारत ने 19.5 ओवर में 181/6 रन बनाकर 4 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया.