scorecardresearch
 

हैदराबाद: दुर्गा विसर्जन के दौरान अंडे फेंके जाने से तनाव, इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात

हैदराबाद के पुराने शहर में दुर्गा विसर्जन के दौरान अंडे फेंके जाने के आरोप के बाद विरोध प्रदर्शन हुआ. घटना से नाराज लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. फिलहाल, पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.

Advertisement
X
घटना के बाद लोगों ने किया प्रदर्शन. (Photo: ITG)
घटना के बाद लोगों ने किया प्रदर्शन. (Photo: ITG)

तेलंगाना के हैदराबाद के पुराने शहर में दुर्गा माता की प्रतिमा के जुलूस पर अंडे फेंके जाने के बाद तनाव की स्थिति बन गई. घटना से नाराज भक्तों और हिंदू संगठनों के लोगों ने प्रदर्शन किया. बीजेपी नेता भी मौके पर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. फिलहाल, पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है.

यह घटना शनिवार को मदन्नापेट थाना क्षेत्र के संतोशनगर में हुई. वीर सावरकर नव युवा संघ की ओर से दुर्गा माता की प्रतिमा का जुलूस निकाला जा रहा था. आरोप है कि इसी दौरान एक इमारत की छत से प्रतिमा पर अंडे फेंके गए. घटना की खबर मिलते ही लोग मौके पर जुटने लगे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे.

Eggs Thrown at Durga Procession
दुर्गा माता के जुलूस पर अंडे फेंकने का आरोप. (Photo: ITG)

अंडे फेंके जाने के विरोध में धरने पर बैठे लोग

घटना के बाद बीजेपी नेताओं, हिंदू संगठनों के सदस्यों और बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रदर्शन किया. लोगों ने मौके पर भजन गाए और धरना दिया. उनकी मांग थी कि अंडे फेंकने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. वहीं, बीजेपी प्रवक्ता वीरेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर हिंदुओं को निशाना बना रहे हैं. उन्होंने पुलिस पर भी सवाल उठाए. उनका आरोप था कि हैदराबाद में हिंदू धार्मिक जुलूसों पर पाबंदियां लगाई जाती हैं और कई बार जुलूस के दौरान लाठीचार्ज किया जाता है.

Advertisement

पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया

हैदराबद DCP के मुताबिक, पुलिस को शिकायत मिली थी कि संतोशनगर की होटल लेन में दुर्गा माता की प्रतिमा के विसर्जन के दौरान एक इमारत की छत से अंडे फेंके गए. सूचना मिलते ही मदन्नापेट थाने की पुलिस के साथ अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने विसर्जन के आयोजकों से बात की और उन्हें वहां से जाने के लिए समझाया. इसके बाद प्रदर्शन कर रहे लोग धीरे-धीरे वहां से निकलने लगे. पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में केस दर्ज किया जा रहा है. कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.

फिलहाल इलाके में शांति है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और मौके पर भीड़ न जुटाएं. पुलिस के मुताबिक, स्थिति नियंत्रण में है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement