कोलकाता नाइट राइडर्स ने IPL 2026 के लिए तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया है. वह हर्षित राणा की जगह आए हैं, जो चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. हर्षित राणा को टी20 वर्ल्ड कप के दौरान दाएं घुटने में लिगामेंट स्ट्रेन हुआ था, जिसके चलते वह IPL 2026 नहीं खेल पाएंगे. इससे KKR की बॉलिंग यूनिट पहले ही कमजोर हो गई थी.
टीम की परेशानी यहीं खत्म नहीं होती, क्योंकि आकाशदीप , मथीशा पथीराना भी चोटिल हैं, जबकि मुस्तफिजुर रहमान को स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया है. ऐसे में नवदीप सैनी का टीम में आना KKR के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है. सैनी IPL में 2023 के बाद पहली बार वापसी कर रहे हैं और उनके पास अनुभव भी है, भले ही हाल के सीजन में वह ज्यादा नहीं खेले हों.
सैनी ने IPL डेब्यू 2019 में आरसीबी के लिए किया था, जबकि उन्हें पहली बार 2017 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने चुना था. अपनी तेज रफ्तार और उछाल भरी गेंदबाजी के लिए वह जल्दी ही चर्चा में आ गए थे.
अब तक अपने IPL करियर में सैनी 32 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 23 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी 8.88 रही है. RCB के बाद वह राजस्थान रॉयल्स के लिए भी खेले, जहां उन्होंने आखिरी बार 2023 में IPL मैच खेला था.
यह भी पढ़ें: Harshit Rana: कोलकाता नाइटराइडर्स को तगड़ा झटका, चोट के कारण हर्षित राणा IPL 2026 से बाहर!
2024 के ऑक्शन में राजस्थान ने उन्हें 2.60 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन IPL 2026 से पहले वह अनसोल्ड रहे. अब KKR ने उन्हें रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल कर लिया है. सैनी के आने से KKR को एक अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज मिल गया है, जो चोटों से जूझ रही बॉलिंग यूनिट को मजबूती दे सकता है.
क्या बोले नवदीप सैनी
इस डील के बारे में नवदीप सैनी ने कहा, 'मुझे कल रात ही इस बारे में पता चला और सच कहूं तो उस वक्त समझ ही नहीं आया कि कैसे रिएक्ट करूं. लेकिन अंदर कहीं न कहीं मुझे हमेशा लगता था कि मैं जिस तरह मेहनत कर रहा हूं, उसका फल जरूर मिलेगा. मुझे पता था कि एक दिन ऐसा जरूर होगा, लेकिन सबसे जरूरी है भगवान पर भरोसा रखना. मैंने वही किया और जब ये मौका मिला तो बहुत ही शानदार एहसास हुआ.'