scorecardresearch
 

'अभिषेक-वैभव ने द‍िखाया IPL का अंदाज, रोकना मुश्क‍िल', कीवी कप्तान म‍िचेल सेंटनर सहमे, वेल‍िंगटन T20I में हार की वजह बताई

भारत के खिलाफ तीसरे टी20 में हार के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी को रोकना मुश्किल बताया. उन्होंने कहा कि टीम ने 200 रन के आसपास का टारगेट बनाने की दिशा में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में शानदार यॉर्कर डालीं. अब न्यूजीलैंड ईडन पार्क में वापसी की कोशिश करेगा.

Advertisement
X
अभिषेक-वैभव के तूफान से न्यूजीलैंड बेहाल, सेंटनर बोले- इनको रोकना बेहद मुश्किल (Photo: ITG)
अभिषेक-वैभव के तूफान से न्यूजीलैंड बेहाल, सेंटनर बोले- इनको रोकना बेहद मुश्किल (Photo: ITG)

भारत के खिलाफ वेल‍िंगटन में मंगलवार को तीसरे टी20 मुकाबले में मिली हार के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने माना कि अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे आक्रामक बल्लेबाजों को रोकना बेहद मुश्किल है.

वेलिंगटन में भारतीय टीम ने 199 रन का टारगेट महज 13.2 ओवर में हासिल कर लिया. अभिषेक ने 38 गेंदों पर 113 रन बनाए, जबकि वैभव ने 19 गेंदों पर 45 रन की पारी खेली. भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज कर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली.

सेंटनर ने कहा कि उन्होंने इस तरह की बल्लेबाजी पहले भी देखी है. आईपीएल (इंड‍ियन प्रीम‍ियर लीग) में भी भारतीय बल्लेबाजों का यह अंदाज नजर आया है और अब न्यूजीलैंड में भी उन्हें इसका सामना करना पड़ा. उन्होंने माना कि जब ये बल्लेबाज लय में आ जाते हैं, तो उन्हें रोकना काफी मुश्किल हो जाता है.

'200 रन अच्छा स्कोर था, लेकिन आखिरी ओवरों में...'
न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी पर बात करते हुए सेंटनर ने कहा कि टॉस हारना एक बार फिर टीम के पक्ष में नहीं रहा. हालांकि, डेरिल मिचेल और बेबन जैकब्स की साझेदारी ने टीम को 200 रन के आसपास पहुंचने की उम्मीद दी. सेंटनर के मुताबिक, ऐसी पिच पर 200 रन अच्छा स्कोर होता.

Advertisement

उन्होंने भारतीय गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि आखिरी ओवरों में उन्होंने शानदार गेंदबाजी की. यॉर्कर का अच्छा इस्तेमाल किया और न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के लिए रन बनाना मुश्किल कर दिया. सेंटनर ने यह भी माना कि ओस आने के बाद गेंदबाजी करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है.

उनके मुताबिक, पावरप्ले इस फॉर्मेट का बेहद अहम हिस्सा है और भारत ने दिखाया कि शुरुआती छह ओवरों में किस तरह बल्लेबाजी की जा सकती है.

न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहतर
सेंटनर ने अपनी टीम की बल्लेबाजी में कुछ पॉज‍िट‍िव पहलुओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि टीम के अलग-अलग बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदल रहे हैं. ग्लेन फिलिप्स ने पिछले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था, जबकि इस मुकाबले में डेरिल मिचेल ने रन बनाए.

सेंटनर ने कहा कि टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों का क्रीज पर टिककर 80 के आसपास के स्कोर तक पहुंचना टीम के लिए अच्छा संकेत है. अलग-अलग खिलाड़ियों के आगे आने से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा. उन्होंने माना कि भारत के खिलाफ रन बनाना और बड़े स्कोर का बचाव करना आसान नहीं है.

भारतीय बल्लेबाजों को रोकने के लिए बदलनी होगी रणनीति
सेंटनर ने बताया कि न्यूजीलैंड ने भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ अलग-अलग बॉल‍िंग ऑप्शन आजमाए. पहली पारी में अक्षर पटेल की गेंदबाजी देखने के बाद उन्हें लगा कि पिच पर स्पिन के लिए ज्यादा मदद नहीं थी, जबकि तेज गेंदबाजों को सीम से थोड़ी सहायता मिल रही थी.

Advertisement

उन्होंने कहा कि जब भारतीय बल्लेबाज जम जाते हैं, तो गेंदबाजों को गति में बदलाव करना पड़ता है. शुरुआत में दो बाएं हाथ के बल्लेबाजों के सामने माइकल ब्रेसवेल को आजमाया गया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने उस ओवर की स्पिन को अच्छी तरह खेला.

ईडन पार्क में भी चुनौती आसान नहीं
सीरीज में 3-0 से पिछड़ने के बाद न्यूजीलैंड के सामने अब कमबैक का चैलेंज  है. सेंटनर ने कहा कि टीम को भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ अपनी रणनीति पर फिर से काम करना होगा. उन्होंने अगले मुकाबले के वेन्यू ईडन पार्क का जिक्र करते हुए कहा कि वहां मैदान चारों ओर से संभावित रूप से छोटा है. ऐसे में भारत की आक्रामक बल्लेबाजी को रोकने की चुनौती और बढ़ सकती है.

पांच मैचों की सीरीज में भारत ने लगातार तीन जीत के साथ अजेय बढ़त बना ली है. अब चौथा टी20 शुक्रवार (30 अक्टूबर) को खेला जाएगा. न्यूजीलैंड की कोशिश होगी कि वह इस मुकाबले में जीत दर्ज कर सीरीज में अपना खाता खोले.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement