scorecardresearch
 

कोहली IPL में पहली बार बने 'इम्पैक्ट प्लेयर', आरसीबी ने लखनऊ संग मैच में क्यों लिया ऐसा फैसला?

पूर्व कप्तान विराट कोहली को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में आरसीबी ने इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट के तौर पर इस्तेमाल किया. टखने की चोट से जूझ रहे कोहली पिछली मैच में फील्डिंग करने मैदान पर नहीं उतरे थे.

Advertisement
X
विराट कोहली टखने की चोट से परेशान हैं. (Photo: PTI)
विराट कोहली टखने की चोट से परेशान हैं. (Photo: PTI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में बुधवार (15 अप्रैल) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली अलग रोल में नजर आए. कोहली को इस मैच के लिए 'इम्पैक्ट प्लेयर' के तौर पर चुना गया. कोहली आईपीएल के इतिहास में पहली बार 'इम्पैक्ट प्लेयर' बने हैं.

विराट कोहली मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पिछले मैच में इंजरी से जूझते नजर आए थे. कोहली को उस मैच के दौरान टखने में चोट लगी थी, जिसके बाद वह मुंबई इंडियंस की इनिंग्स में फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं उतरे थे. उस मुकाबले में कोहली बैटिंग के दौरान भी तकलीफ में दिखे,  इसके बावजूद उन्होंने 50 रन बना डाले थे.

विराट कोहली केवल बल्लेबाजी के लिए पूरी तरह फिट थे. इसके चलते लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में उन्हें शुरुआती प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया. केवल 'इम्पैक्ट प्लेयर' के तौर पर उन्हें बल्लेबाजी में इस्तेमाल करने की रणनीति अपनाई गई. इस रणनीति से आरसीबी को दोहरा फायदा हुआ. एक तरफ टीम को कोहली जैसे अनुभवी बल्लेबाज की सेवाएं मिलीं, वहीं दूसरी तरफ उन्हें 20 ओवर फील्डिंग के दौरान अतिरिक्त दबाव और चोट के जोखिम से भी बचाया गया.

Advertisement

कोहली को लेकर जोखिम नहीं लेना चाहती RCB
विराट कोहली आरसीबी की बल्लेबाजी का सबसे अहम हिस्सा हैं. खासकर चिन्नास्वामी जैसे मैदान पर उनकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है, जहां पारी की शुरुआत पूरे मैच का रुख तय करती है. टखने की चोट बल्लेबाजी की तुलना में फील्डिंग के दौरान ज्यादा परेशानी पैदा कर सकती है.

तेज दौड़, अचानक मुड़ना, बाउंड्री पर फील्डिंग और लगातार मूवमेंट के कारण चोट बढ़ने का खतरा रहता है. ऐसे में आरसीबी ने विराट कोहली को लेकर बीच का रास्ता अपनाने की कोशिश की, ताकि वह बल्लेबाजी भी कर सकें और चोट भी ज्यादा ना बढ़े. इस मुकाबले में आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिससे टीम को कोहली को दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए इस्तेमाल करने की आजादी मिली.

यह भी पढ़ें: मुंबई इंड‍ियंस को झटका, रोहित शर्मा IPL मुकाबले से हुए बाहर, ये है वजह

विराट कोहली की फिटनेस को लेकर पिछले कुछ दिनों से चिंता बनी हुई थी. वह अभ्यास सत्र में स्ट्रैप के साथ नजर आए थे, लेकिन उन्होंने लंबा नेट सेशन किया और काफी सहज दिखे. कप्तान राजत पाटीदार ने भी कहा था कि कोहली अभी ठीक लग रहे हैं, हालांकि उन्होंने अंतिम फैसला मेडिकल टीम पर छोड़ा था.

Advertisement

आरसीबी ने इस मुकाबले के लिए जोश हेजलवुड को प्लेइंग-11 में शामिल किया, जबकि जैकब डफी बाहर रहे. दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स ने उसी टीम पर भरोसा जताया, जो पिछला मैच हार गई थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement