scorecardresearch
 

रोहित शर्मा रिटायर्ड हर्ट, विराट कोहली भी दर्द में... ROKO की इंजरी ने बढ़ाई टेंशन, क्या होंगे IPL 2026 से बाहर?

रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते बल्लेबाजी छोड़कर पवेलियन लौट गए. जबकि आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली भी टखने की इंजरी से परेशान दिखे. रोहित-कोहली (ROKO) की इंजरी ने मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

Advertisement
X
रोहित शर्मा और विराट कोहली हुए चोटिल, फैन्स की बढ़ी टेंशन. (Photo: BCCI)
रोहित शर्मा और विराट कोहली हुए चोटिल, फैन्स की बढ़ी टेंशन. (Photo: BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में 12 अप्रैल (रविवार) को मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच हुए मुकाबले में रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ही चोटिल नजर आए. रोहित जहां हैमस्ट्रिंग समस्या के चलते रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर गए, वहीं किंग कोहली भी टखने की चोट के कारण फील्डिंग करने नहीं उतरे, जिससे दोनों टीमों और फैन्स की चिंता बढ़ गई.

मुंबई इंडियंस 241 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा कर रही थी, तभी पांचवें ओवर में रोहित शर्मा अचानक लंगड़ाते नजर आए. कुछ गेंदों बाद उन्होंने फिजियो को बुलाया, लेकिन दर्द बढ़ता देख उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा. रोहित ने 13 गेंदों में 19 रन बनाए और उनकी हैमस्ट्रिंग पर पट्टी बंधी दिखी.

सबसे बड़ी चिंता यह रही कि वह दोबारा बल्लेबाजी के लिए नहीं लौटे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी स्कैनिंग कराई जाएगी ताकि चोट की गंभीरता का पता चल सके. शुरुआती संकेत इसे हल्का स्ट्रेन बता रहे हैं, लेकिन 37 साल की उम्र में ऐसी चोट से उबरने में समय लग सकता है.

कोहली ने जमाई धीमी फिफ्टी
दूसरी तरफ, विराट कोहली भी पूरी तरह फिट नजर नहीं आए. आरसीबी की पारी के दौरान वह एंकल समस्या से जूझते दिखे. हालांकि, कोहली ने 38 गेंदों में 50 रन बनाए, लेकिन उनकी स्ट्राइक रेट अपेक्षाकृत धीमी रही, जो आमतौर पर उनके खेल में कम ही देखने को मिलता है. माना जा रहा है कि टखने में समस्या का असर उनकी बल्लेबाजी पर पड़ा.

Advertisement

मैच के बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने विराट कोहली को लेकर कहा, 'मुझे अभी इस बारे में पता नहीं है, लेकिन मुझे लगता है कि वह फिलहाल ठीक हैं.' वहीं क्रुणाल पंड्या ने भी भरोसा जताया कि ज्यादा चिंता की बात नहीं है. क्रुणाल ने कहा, 'मैंने अभी तक फिजियो से बात नहीं की है, लेकिन मुझे लगता है कि वह ठीक हो जाएंगे.' कोहली मैच के बाद डगआउट में टीम के साथ जश्न मनाते भी नजर आए, जिससे संकेत मिलता है कि उनकी चोट गंभीर नहीं है.

इस मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 240 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में मुंबई इंडियंस पूरी कोशिश के बावजूद 5 विकेट पर 222 रन ही बना सकी और 18 रनों से मुकाबला हार गई. इस जीत के बावजूद आरसीबी पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है, जबकि मुंबई इंडियंस लगातार तीसरी हार के बाद आठवें पायदान पर है.

अब सबकी नजरें रोहित शर्मा की फिटनेस रिपोर्ट पर है. अगर उनकी चोट गंभीर निकलती है, तो मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका लग सकता है. वहीं, विराट कोहली को अगले मैच से पहले आराम का समय मिलेगा और उम्मीद है कि वह जल्द पूरी तरह फिट होकर मैदान पर लौटेंगे.

---- समाप्त ----

Advertisement
Advertisement