भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 वर्ल्ड में 616 दिनों बाद भिड़ंत होने जा रही है. टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच श्रीलंका के कोलंबो में रविवार शाम को मैच खेला खेला जाना है. दुनियाभर के क्रिकेट फैंस की निगाहें इस मैच पर टिकी हुई हैं.
आंकड़ों की बात करें तो दोनों टीमें टी-20 वर्ल्ड कप में अब तक आठ बार भिड़ चुकी हैं, जिसमें टीम इंडिया सात बार जीती है. वहीं पाकिस्तान महज़ एक बार ही जीत हासिल कर सका है. एशिया कप में भी पाक का बुरा हाल है. पिछले साल एशिया कप में टीम इंडिया ने तीन मैच में पाक को मात दी थी.
मैच को लेकर देश के अलग-अलग इलाकों से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. आम लोग, खिलाड़ियों के कोच से लेकर राजनेता भी मैच को लेकर अपनी बातें रख रहे हैं.
आइए, जानते हैं कि किसने क्या-क्या कहा?
कोलंबो में भारतीय फैन ने क्या कहा?
कोलंबो में मैच देखने गए भारतीय क्रिकेट प्रेमी मोहम्मद अफ़सर ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं. अफ़सर ने कहा, "हम यहां अपनी टीम का समर्थन करने आए हैं. हमारे बीच कोई राइवलरी नहीं है, लेकिन भारत ही जीतेगा. अगर हम पिछले 10-15 सालों के रिकॉर्ड को देखें तो हमने अधिकतर मैच जीते हैं. यहां बहुत उत्साह है."
एक और भारतीय फैन ने कहा कि यह हमारे जीवन का बड़ा सपना था कि हम भारत की पाकिस्तान पर जीत देख सकें, और आज हम फिर से भारत की इस जीत को देखने जा रहे हैं. यह आवाज़ सीधे लाहौर तक पहुंचे.
कप्तान सूर्यकुमार यादव के कोच ने क्या कहा?
कप्तान सूर्यकुमार यादव के कोच अशोक असवलकर ने मैच पर विचार साझा किए हैं. उन्होंने कहा, "आज का मुकाबला दबाव भरा है, लेकिन हम इसे अच्छे से संभाल लेंगे. हमने देखा है कि पाकिस्तान दबाव में अक्सर टूट जाता है, लेकिन हम खुद को अच्छे से मैनेज करते हैं."
क्रिकेट फैंस कोलंबो में उत्साहित
भारत और पाकिस्तान मैच को लेकर स्टेडियम के बाहर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. दोनों मुल्कों के फैंस अपने टीम को सपोर्ट करने आए हैं.
पाकिस्तान के फैन ने क्या कहा?
पाकिस्तान के क्रिकेट प्रेमी मोहम्मद असलम ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि पाकिस्तान जीतेगा. यह टीम का पसंदीदा मैदान है, इसलिए उन्हें जीतना चाहिए. अभिषेक शर्मा एक बड़े बल्लेबाज हैं, लेकिन पाकिस्तान के भी बड़े खिलाड़ी हैं."
ईशान किशन के कोच ने क्या कहा?
भारत बनाम पाकिस्तान के आज के मैच को लेकर बल्लेबाज ईशान किशन के बचपन के कोच संतोष कुमार ने बड़ी उम्मीदें जताई हैं. संतोष कुमार ने कहा, "ईशान किशन ने शानदार वापसी की है और आगामी मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करने की पूरी संभावना है. पिछले मैच में जो एनर्जी और आत्मविश्वास उन्होंने दिखाया, वह वास्तव में काबिले तारीफ है और मुझे यकीन है कि यह लय अगले मुकाबले तक जारी रहेगी."
रिंकू सिंह के कोच ने क्या कहा?
भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रिंकू सिंह के कोच मसूद ज़फ़र अमीनी ने ने कहा, "भारतीय टीम बहुत अच्छी है. उन्होंने हाल ही में एशिया कप जीता है, इसलिए टीम का आत्मविश्वास बहुत ऊंचा है. हमें पूरा भरोसा है कि भारत इस महत्वपूर्ण मैच में विजयी रहेगा. पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला हमेशा खास होता है, और इस बार भी हमारी टीम शानदार प्रदर्शन करेगी."
बिहार के मंत्री ने क्या कहा?
कोलंबो में होने वाली भिड़ंत को लेकर बिहार के मंत्री राम कृष्ण यादव ने अपने विचार साझा किए. उन्होंने ट्वीट के माध्यम से कहा, “आखिरकार पाकिस्तान को करारी हार का सामना करना पड़ेगा, और भारत विजयी होकर उभरेगा. हमारे बल्लेबाज और गेंदबाज इतने मजबूत हैं कि वे पाकिस्तान को जरूर हाराएंगे.”
शिवसेना (यूबीटी) ने क्या कहा?
शिवसेना (UBT) के नेता आनंद दुबे ने मैच पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने कहा, "हम खेल का सम्मान करते हैं, लेकिन जब प्रधानमंत्री यह कहते हैं कि खून और पानी साथ नहीं बह सकते, तो दूसरी तरफ हम देखते हैं कि कभी-कभी हमें बांग्लादेश के साथ मैच खेलना पड़ता है, तो कभी पाकिस्तान के साथ. ऐसा क्यों होता है?"
यशसवी जायसवाल के कोच और मेंटर ज्वाला सिंह ने क्या कहा?
इस मुकाबले को लेकर यशसवी जायसवाल के कोच और मेंटर ज्वाला सिंह ने बड़े आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, "भारत और पाकिस्तान के बीच कुल 8 मैच हुए हैं, जिनमें से भारत ने 7 बार पाकिस्तान को हराया है. इस बार भी हमारे बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम पाकिस्तान को हराने में सक्षम होगी."
जम्मू-कश्मीर के क्रिकेट फैन ने क्या कहा?
क्रिकेट के सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक भारत बनाम पाकिस्तान का मुकाबला आज फिर चर्चा में है. जम्मू-कश्मीर के एक भारतीय क्रिकेट फैन ने कहा, "भारत और पाकिस्तान के मैच हमेशा बहुत अच्छे होते हैं. इस बार भी यह मुकाबला बेहद रोमांचक होगा. जो टीम पूरी मेहनत और कोशिश करेगी, वही आज जीत हासिल करेगी."
VHP ने क्या कहा?
विश्व हिंदू परिषद (VHP) के प्रवक्ता विनोद बंसल ने मैच पर अपने विचार साझा किए हैं. विनोद बंसल ने कहा, "पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का नाम शरीफ है, लेकिन उनका व्यवहार कुछ शरारती जैसा लगता है. शुरुआत में पाकिस्तान ने बांग्लादेश टीम का समर्थन किया था जब उसने भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार किया था, पर अब वही पाकिस्तान खुद भारत के खिलाफ खेलने को तैयार हो गया है."