भारत और अफगानिस्तान के बीच इकलौता टेस्ट मैच शनिवार (6 जून) से शुरू हुआ. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़) के महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में है. मुकाबले में पहले दिन स्टम्प तक भारत ने अपनी पहली पारी में 3 विकेट पर 368 रन बना लिए. कप्तान शुभमन गिल 103 और ऋषभ पंत 50 रनों पर नाबाद हैं. गिल ने 143 गेंदों की इनिंग्स में 11 चौके के अलावा एक सिक्स लगाया है. वहीं पंत ने 2 चौके और तीन छक्के जड़े हैं. शुभमन गिल के करियर का ये 11वां टेस्ट शतक रहा.
भारत और अफगानिस्तान दोनों का साल 2026 में ये पहला टेस्ट मैच है. यह मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के 2025-27 चक्र का हिस्सा नहीं है. ऐसे में भारत इस मुकाबले को अगस्त में प्रस्तावित श्रीलंका दौरे के मद्देनजर तैयारियों के तौर पर देख रहा है, जहां शुभमन ब्रिगेड को दो टेस्ट मैच खेलने हैं.
भारतीय टीम की पहली पारी में शुरुआत उतनी अच्छी नहीं रही. यशस्वी जायसवाल सिर्फ 24 रन बना सके और उन्हें मोहम्मद सलीम सफी ने पवेलियन रवाना किया. यशस्वी के आउट होने के समय भारत का स्कोर 41-1 था. यहां से केएल राहुल और साई सुदर्शन ने भारतीय टीम को संभाला. दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 139 रनों की साझेदारी की.
ऐसा लग रहा था कि साई सुदर्शन अपना शतक पूरा कर लेंगे, लेकिन वो मोहम्मद सलीम सफी के बिछाए जाल में फंस गए. सुदर्शन ने 104 गेंदों का सामना करते हुए 81 रन बनाए, जिसमें 13 चौके शामिल रहे. सुदर्शन के आउट होने के बाद केएल राहुल ने कप्तान शुभमन गिल संग पारी को आगे बढ़ाया. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी हुई.
केएल राहुल ने 11 चौके की मदद से 165 गेंदों पर 100 रन बनाए. राहुल के टेस्ट करियर का ये 12वां शतक रहा. राहुल को जियाउर शरीफी ने पवेलियन भेजा. राहुल के आउट होने के समय स्कोर 247/3 था. यहां से शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने भारतीय टीम को पहले दिन के खेल में कोई और नुकसान नहीं होने दिया. दोनों ने शानदार बल्लेबाजी का नजारा पेश किया. पंत और गिल के बीच चौथे विकेट के लिए अब तक 121 रनों की पार्टनरशिप हो चुकी है.
भारत की पहली पारी का स्कोरकार्ड: (368/3, 85 ओवर)
| बल्लेबाज | रन | रन |
| यशस्वी जायसवाल | कॉट अफसर जजई, बोल्ड सलीम सफी | 24 |
| केएल राहुल | कॉट रहमानुल्लाह गुरबाज, बोल्ड जियाउर रहमान | 100 |
| साई सुदर्शन | कॉट अफसर जजई, बोल्ड सलीम सफी | 81 |
| शुभमन गिल | नाबाद | 103* |
| ऋषभ पंत | नाबाद | 50* |
विकेट पतन: 41-1 (यशस्वी जायसवाल, 11.6 ओवर), 180-2 (साई सुदर्शन, 42.4 ओवर), 247-3 (केएल राहुल, 60.2 ओवर)
अफगानिस्तान का टेस्ट डेब्यू जून 2018 में भारत के खिलाफ बेंगलुरु में हुआ था. तब भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को पारी और 262 रनों से हराया था. अब दूसरी बार अफगानिस्तान संग भारतीय टीम टेस्ट मैच खेल रही है. देखा जाए तो अफगानिस्तान ने केवल 12 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उसने चार में जीत हासिल की. सात मुकाबले अफगानी टीम ने हारे और एक मुकाबला ड्रॉ़ पर छूटा.
मुकाबले में भारत की प्लेइंग-11: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा.
अफगानिस्तान की प्लेइंग-11: सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर जजई (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खरोटी, जियाउर रहमान शरीफी और मोहम्मद सलीम सफी.