scorecardresearch
 

India vs Afghanistan Highlights, 1st ODI: शुभमन गिल की कप्तानी पारी... धर्मशाला वनडे में भारत ने अफगानिस्तान को हराया

India (IND) vs Afghanistan (AFG), 1st ODI: धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान की टीम्स आमने-सामने हुईं. इस मुकाबले को भारतीय टीम ने 7 विकेट से अपने नाम किया. वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिहाज से भारतीय टीम के लिए अब हर मुकाबला महत्वपूर्ण है.

Advertisement
X
भारत-अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे धर्मशाला में खेला गया... (Photo: PTI)
भारत-अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे धर्मशाला में खेला गया... (Photo: PTI)

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार (13 जून) को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में खेला गया. इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 7 विकेट से धमाकेदार जीत हासिल की. 

मुकाबले में अफगानिस्तान ने भारतीय टीम को जीत के लिए 195 रनों का टारगेट दिया था, जिसे उसने 13 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. भारतीय टीम की जीत के हीरो कप्तान शुभमन गिल रहे, जिन्होंने नाबाद 84 रन बनाए. बारिश के चलते मुकाबले को 25-25 ओवरों का कर दिया गया था. दोनों टीमों के बीच अगला मुकाबला 17 जून को लखनऊ में खेला जाएगा.

भारतीय टीम इस वनडे सीरीज में हार्दिक पंड्या और विराट कोहली के बगैर उतरी है. हालांकि अच्छी बात यह है कि रोहित शर्मा पूरी तरह फिट हो चुके हैं और उनका अनुभव टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण है. अफगानिस्तान की टीम में राशिद खान, मोहम्मद नबी जैसे अनुभवी खिलाड़ी है, जो मैच का नक्शा पलटने में माहिर हैं.

राहुल-ईशान भी चमके
रनचेज में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही. रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने मिलकर पहले विकेट के लिए 46 रन जोड़े. रोहित दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुए. रोहित ने 2 चौके और एक छक्के की मदद से 16 बॉल पर 16 रन बनाए. इसके बाद ईशान किशन संग शुभमन गिल ने 70 रनों की पार्टनरशिप को भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. ईशान 34 रनों के निजी स्कोर पर राशिद खान का शिकार बने.

Advertisement

टी20 टीम के नए कप्तान श्रेयस अय्यर कुछ खास नहीं कर पाए और सिर्फ 12 रन बना सके. श्रेयस का विकेट जियाउर रहमान शरीफी ने लिया. यहां से शुभमन गिल और केएल राहुल ने अफगानिस्तान को कोई मौका नहीं दिया. शुभमन ने 66 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और दो छक्के शामिल रहे. वहीं राहुल ने 4 चौके और तीन छक्के की मदद से 19 बॉल पर 39* रनों का योगदान दिया.

अफगानिस्तान की ऐसी रही बल्लेबाजी
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी अफगानी टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. पावरप्ले में ही अफगानी टीम ने 26 रनों के स्कोर तक तीन विकेट खो दिए. डेब्यूटेंट तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने इब्राहिम जादरान (1 रन) को आउट कर भारत को पहली कामयाबी दिलाई. फिर अर्शदीप सिंह ने सेदिकुल्लाह अटल (0 रन) और रहमत शाह (3 रन) को पवेलियन भेजा.

यहां से रहमानुल्लाह गुरबाज ने अफगानिस्तान की इनिंग्स को संभाला. गुरबाज ने सिर्फ 25 गेंदों पर फिफ्टी पूरी कर ली. गुरबाज का साथ हशमतुल्लाह शाहिदी ने बखूबी दिया और दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 116 रनों की साझेदारी हुई. गुरबाज को शतक तक पहुंचने में ज्यादा वक्त नहीं लगा और वो 48 गेंदों में ही सेंचुरी पूरी करने में सफल रहे. गुरबाज ने 51 गेंदों पर 102 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और 8 चौके शामिल रहे. गुरबाज का विकेट नीतीश कुमार रेड्डी ने लिया.
यह भी पढ़ें: 8 छक्के, 48 गेंदों पर शतक... रहमानुल्लाह गुरबाज ने भारत के खिलाफ मचाया तूफान, टूटे कई रिकॉर्ड

Advertisement

इसके बाद डेब्यूटेंट हर्ष दुबे ने कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (27 रन) को आउट कर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई. जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ने मोहम्मद नबी (9 रन) को आउट किया. फिर हर्ष दुबे ने अजमतुल्लाह उमरजई (26 रन) और अल्लाह गजनफर (0 रन) के भी विकेट लिए. आखिरी ओवर में गुरनूर बरार ने राशिद खान (9 रन) और जियाउर रहमान शरीफी (4 रन) को आउट कर अफगानी पारी समेट दी. गुरनूर बरार और हर्ष दुबे ने तीन-तीन विकेट झटके.

भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक केवल 5 वनडे इंटरनेशनल मुकाबले हुए हैं. इस दौरान भारतीय टीम ने चार मैचों में जीत हासिल की. वहीं एक मुकाबला टाई पर छूटा. यानी भारतीय टीम का पलड़ा अफगानिस्तान के खिलाफ पूरी तरह भारी रहा है. 

मुकाबले में भारत की प्लेइंग-11: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, हर्ष दुबे, गुरनूर बरार और प्रसिद्ध कृष्णा.

मुकाबले में अफगानिस्तान की प्लेइंग-11: इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह उमरजई, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), राशिद खान, मोहम्मद सलीम सफी, एएम गजनफर और जिया उर रहमान शरीफी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement