scorecardresearch
 

मोगा में दुकान के बाहर बैठे युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक ही परिवार के दो लोगों की मौत, 3 घायल

पंजाब के मोगा स्थित अंगदपुरा मोहल्ले में दुकान के बाहर बैठे युवकों पर काले रंग की स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने फायरिंग कर दी. घटना में पांच युवक घायल हुए हैं, जिनमें एक ही परिवार के दो युवकों की मौत हो गई है. शुरुआती जानकारी में पुरानी रंजिश की आशंका जताई गई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं.

Advertisement
X
पुरानी रंजिश में फायरिंग की आशंका.(Photo: Screengrab)
पुरानी रंजिश में फायरिंग की आशंका.(Photo: Screengrab)

पंजाब के मोगा में रविवार शाम दुकान के बाहर बैठे युवकों पर स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. अंगदपुरा मोहल्ले में हुई इस वारदात में पांच युवक घायल हो गए. इनमें से दो घायलों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है. मृतकों की पहचान गगन जिंदल (30) और साहिल जिंदल (40) के रूप में हुई है. दोनों एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं. वहीं, तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है.

जानकारी के मुताबिक, घटना के समय दुकान के बाहर चार से पांच युवक बैठे हुए थे. इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और गोलियां चलानी शुरू कर दीं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, चार युवकों को गोली लगी है, जबकि एक अन्य युवक के छर्रे लगने से घायल होने की बात सामने आई है.

यह भी पढ़ें: पंजाब में कांग्रेस का पोस्टर वॉर... मोगा में भूपेश बघेल और राजा वडिंग का विरोध

घायलों में एक युवक के सिर, दो के पेट और एक अन्य युवक की बाजू में गोली लगी है. वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई. शुरुआती जानकारी में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को फायरिंग की वजह माना जा रहा है. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और वारदात से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके. साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया.

मोगा के एसएसपी सरताज सिंह चहल ने बताया कि अंगदपुरा मोहल्ले में गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, काले रंग की स्कॉर्पियो में आए लोगों ने फायरिंग की. घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है.

एसएसपी के अनुसार, पीड़ित परिवार की ओर से कुछ लोगों के नाम भी बताए गए हैं. पुलिस संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है. बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के साथ फॉरेंसिक टीम की मदद से सबूत जुटा रही है. मामले की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement