वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 को लेकर अभी से दुनियाभर के क्रिकेट फैन्स में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. टूर्नामेंट के टिकटों के लिए अब तक 12 करोड़ से ज्यादा रिक्वेस्ट मिल चुकी हैं.
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के मुताबिक, 193 देशों के करीब 28 लाख फैन्स ने टिकट बैलेट (Ticket Ballot) के लिए अपनी दिलचस्पी दर्ज कराई है. टिकटों की यह मांग टूर्नामेंट के बड़े मुकाबलों तक सीमित नहीं है, बल्कि अलग-अलग मैचों के लिए भी फैन्स ने आवेदन किए हैं.
2027 का वनडे वर्ल्ड कप 24 साल बाद अफ्रीकी धरती पर वापसी करेगा. इस बार साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे. इस इवेंट में 14 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे. मैचों का आयोजन तीन देशों के 12 शहरों में होगा.
टिकटों के लिए आवेदन करने वाले देशों में साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, भारत, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया सबसे आगे हैं. वहीं अकेले अफ्रीकी महाद्वीप से 1.49 करोड़ से ज्यादा टिकट आवेदन मिल चुके हैं. टिकट बैलेट के लिए रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 21 नवंबर 2026 है. फैन्स भारतीय समय के अनुसार इस तारीख की रात तक अपनी पसंद के मुकाबलों के लिए आवेदन कर सकते हैं.
The world wants a seat at #CWC27 🤩 The demand keeps soaring as fans look to be a part of cricket's biggest stage in Africa 🏆 Enrol in the ticket ballot before it closes on 21 November ➡️ https://t.co/ePJaznq10O https://t.co/3rp9i3XBoR
— ICC (@ICC) November 2, 2026
भारत-पाकिस्तान मैच के लिए सबसे ज्यादा दीवानगी
वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत को लेकर फैन्स का उत्साह आंकड़ों में भी नजर आ रहा है. 10 अक्टूबर को जोहानिसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले के लिए 83,97,294 टिकट रिक्वेस्ट मिली हैं. वहीं, 21 नवंबर को इसी मैदान पर होने वाले फाइनल के लिए 79,00,944 आवेदन आए हैं.
साउथ अफ्रीका में होने वाले 41 मुकाबलों के लिए आठ वेन्यू पर 10.5 करोड़ से ज्यादा टिकट रिक्वेस्ट मिली हैं. इनमें साउथ अफ्रीका से जुड़े मैचों के लिए करीब 2.6 करोड़ आवेदन आए हैं.
जिम्बाब्वे में भी टिकटों की मांग 1.3 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है. 24 अक्टूबर को विक्टोरिया फॉल्स के नए मोसी-ओआ-तुन्या इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में जिम्बाब्वे और भारत के बीच होने वाले मुकाबले के लिए 33 लाख से ज्यादा टिकट रिक्वेस्ट मिली हैं.
वहीं, नामीबिया के विंडहोक स्थित नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड में होने वाले छह मुकाबलों के लिए 20 लाख से ज्यादा आवेदन आए हैं. इनमें 8 अक्टूबर को इंग्लैंड और बांग्लादेश के बीच होने वाले मैच के लिए करीब 9 लाख रिक्वेस्ट मिली हैं.
ICC ने फैन्स से की रजिस्ट्रेशन की अपील
ICC के जनरल मैनेजर (इवेंट्स एंड ऑपरेशंस) गौरव सक्सेना ने टिकटों की मांग पर खुशी जताई है. उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप को लेकर मिली प्रतिक्रिया शानदार है. 24 साल बाद पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप की अफ्रीका में वापसी इस टूर्नामेंट को खास बनाती है. साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में फैन्स की दिलचस्पी इस आयोजन के वैश्विक आकर्षण को दिखाती है.
कैसे कर सकते हैं टिकटों के लिए रजिस्ट्रेशन?
टिकट बैलेट में एंट्री पूरी तरह मुफ्त है. रजिस्ट्रेशन के समय किसी तरह का भुगतान नहीं करना होगा. प्रत्येक व्यक्ति एक मैच के लिए एक ही बैलेट एंट्री जमा कर सकता है, हालांकि वह टूर्नामेंट के कई मुकाबलों के लिए आवेदन कर सकता है.
यह प्रक्रिया पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर नहीं है. यानी रजिस्ट्रेशन की अवधि में किसी भी समय आवेदन करने से आपके टिकट मिलने की संभावना पर फर्क नहीं पड़ेगा. यदि किसी मैच के लिए उपलब्ध टिकटों से ज्यादा आवेदन आते हैं, तो रैंडम बैलेट के जरिए टिकट खरीदने का मौका तय किया जाएगा.
सफल और असफल दोनों तरह के आवेदकों को रजिस्ट्रेशन के दौरान दिए गए ईमेल पर जानकारी भेजी जाएगी. सफल आवेदकों को टिकट खरीदने की अगली प्रक्रिया के बारे में बताया जाएगा.
रजिस्ट्रेशन के लिए फैन्स को tickets.cricketworldcup.com पर जाना होगा. वहां अकाउंट बनाने के बाद अपनी पसंद के मुकाबले, टीमें या स्टेडियम चुनकर आवेदन जमा करना होगा. इसकी अंतिम समयसीमा 21 नवंबर 2026 को रात 11:59 बजे (CAT) है. यानी भारतीय समयानुसार (IST) दोपहर के 3:29 बजे (15:29).
ध्यान रहे कि बैलेट प्रक्रिया के दौरान टिकट खरीदे नहीं जाएंगे और न ही कोई भुगतान करना होगा. जो फैन्स इस अवधि में रजिस्ट्रेशन नहीं करेंगे, वे इस बैलेट के जरिए टिकट हासिल करने की प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाएंगे.