मशहूर प्लेबैक सिंगर, टीवी होस्ट और एक्ट्रेस रिमी टॉमी दूसरी शादी करके नई जिंदगी की शुरुआत करने वाली हैं. सिंगर ने तलाक के 6 साल बाद दूसरी शादी करने का ऐलान किया है. उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो शेयर करके फैंस को यह खुशखबरी दी.
दूसरी शादी को लेकर एक्साइटेड रिमी
अपनी शादी को लेकर रिमी ने वीडियो में बताया- मैं आप सभी के साथ कुछ ऐसा शेयर करने जा रही हूं, जिससे आपमें से ज्यादातर लोगों को बहुत खुशी होगी. मैं एक ऐसी इंसान हूं, जिसे अकेले रहना और घूमना-फिरना बहुत पसंद है. हालांकि, मेरा परिवार हमेशा मेरे साथ रहा है. फिर भी मुझे लगता था कि मेरी जिंदगी में एक साथी की कमी है. फिर 2026 में मेरी जिंदगी में कोई आया.
रिमी ने बताया कि उनका पार्टनर न तो कोई एक्टर है, न सिंगर और न ही कोई करोड़पति. इस बारे में उन्होंने कहा- वो कोई एक्टर, सिंगर, मशहूर इंसान या करोड़पति नहीं है. लाइफ पार्टनर कोई ऐसी चीज नहीं है, जिसे आप बस जाकर जल्दी से चुन लें. हम एक-दूसरे को खुलकर समझ सकें और हमारी वाइब मैच होनी चाहिए. वो इंसान ऐसा होना चाहिए, जो हमें पर्सनली और प्रोफेशनली आगे बढ़ने में मदद करे और हमें पूरा सुकून दे. बात पैसे या शोहरत की नहीं है. मुझे बस कोई ऐसा चाहिए जो मेरी परवाह करे और मुझे दिमागी सुकून दे.
रिमी टॉमी ने अपनी जिंदगी के अपकमिंग चैप्टर को भगवान का तोहफा बताते हुए कहा- मुझे लगता है कि यह भगवान की तरफ से मिला एक गिफ्ट है. बाकी सब चीजें तो जिंदगी में आगे बढ़ते हुए ही धीरे-धीरे पता चलेंगी. मुझे यह समझ आया कि जिंदगी में सबसे बड़ी चीज पैसा या शोहरत नहीं है. मुझे बस एक ऐसे शांत इंसान की जरूरत थी, जो मेरी देखभाल करे और मेरे हर पहलू को समझे. बहुत कम समय में हम दोनों ने एक-दूसरे को समझा और सबसे बढ़कर, मेरा मन बहुत शांत हो गया. मैंने यह फैसला इस उम्मीद में लिया है कि मुझे एक अच्छी जिंदगी मिलेगी.
कौन है दूल्हा?
हालांकि, उन्होंने अपने पहले व्लॉग में अपने होने वाले पति के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी थी, लेकिन रिमी ने एक दूसरे वीडियो में होने वाले दूल्हे को लेकर फैंस को बता दिया है. उन्होंने बताया कि उनके पार्टनर का नाम लिबिन मैथ्यू है. वो मुंबई के रहने वाले बॉडीबिल्डर और ट्रेनर हैं. जन्म से मलयाली हैं. लिबिन पिछले कुछ महीनों से उनके फिटनेस कोच रहे हैं. दोनों नवंबर 2026 में ही एक चर्च में शादी करेंगे.
रिमी ने आगे कहा कि वो बहुत उम्मीद और पॉजिटिव सोच के साथ अपनी इस नई जिंदगी की शुरुआत कर रही हैं. उन्होंने सभी से उन्हें प्यार और दुआएं देने की अपील भी की.
11 साल में टूटी थी पहली शादी
बता दें कि रिमी टॉमी की पहली शादी बिजनेसमैन Royce Kizhakoodan से हुई थी. दोनों ने 27 अप्रैल 2008 को त्रिशूर में शादी की थी. हालांकि, 11 साल साथ रहने के बाद उन्होंने अलग होने का फैसला किया. अप्रैल 2020 को दोनों ने आपसी सहमति से तलाक की अर्जी दी थी.