भारत की टी20 टीम का इंग्लैंड दौरा लगातार निराशाजनक साबित हो रहा है. ब्रिस्टल में खेले गए चौथे मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 9 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली. अब सीरीज का सिर्फ एक मुकाबला बाकी है, जो साउथम्पटन में खेला जाएगा. पहला टी20 चेस्टर-ले-स्ट्रीट में बारिश की वजह से रद्द हो गया था.
इस हार के साथ टीम इंडिया लगातार छह टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों (5 हार और एक मैच रद्द) में जीत दर्ज नहीं कर सकी है. मार्च में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद से भारतीय टीम की यह सबसे खराब टी20 लय मानी जा रही है.
सबसे अहम बात यह भी है कि श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत अभी तक एक भी टी20 मुकाबला नहीं जीत पाया है. पहले आयरलैंड (0-2) और अब इंग्लैंड (0-3) के खिलाफ भारतीय टीम का टी20 सीरीज में बुरा हाल दिखा है, दोनों ही सीरीज वर्ल्ड चैम्पियन टीम बैक टू बैक हार चुकी है.
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने आजतक से बातचीत में कहा- हम भारतीय टीम के प्रदर्शन को लेकर काफी चिंतित हैं. यह सीरीज खत्म होने के बाद हम कप्तान और हेड कोच के साथ समीक्षा बैठक करेंगे ताकि समझा जा सके कि आखिर कहां चूक हो रही है. हमारी कोशिश होगी कि कमियों को जल्द दूर किया जाए और टीम फिर से अपनी मजबूत स्थिति हासिल करे.
England win the 4th T20I by nine wickets to take a 3-0 lead in the series.
— BCCI (@BCCI) July 9, 2026
Scorecard ▶️ https://t.co/vKZQwVKyYP#TeamIndia | #ENGvIND pic.twitter.com/h8dw0OgWw6
गौरतलब है कि टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन को लेकर अंतिम फैसला कप्तान श्रेयस अय्यर और हेड कोच गौतम गंभीर मिलकर लेते हैं. बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक भी हाल के दिनों में कई बार यह बात सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं. ऐसे में यह बात तो साफ है कि गौतम गंभीर की जवाबदेही बनती है.
158 रन का टारगेट भी नहीं बचा सकी टीम इंडिया
ध्यान रहे ब्रिस्टल में भारतीय टीम को गुरुवार को 9 विकेट से हार मिल थी. जहां टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर सिर्फ 158 रन ही बना सकी. कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार जिम्मेदारी निभाते हुए 49 गेंदों पर नाबाद 80 रन बनाए, लेकिन दूसरे बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके.
159 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने अच्छी शुरुआत की. अर्शदीप सिंह ने तीसरे ओवर में जोस बटलर को आउट कर इंग्लैंड का पहला विकेट 22 रन पर गिरा दिया. शुरुआती दस गेंदों तक फिल सॉल्ट भी रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिखे.
लेकिन इसके बाद हैरी ब्रूक ने मैच का पूरा रुख बदल दिया. उन्होंने फिल सॉल्ट के साथ शानदार बल्लेबाजी की . ब्रूक ने स्कूप, रैंप और क्लासिक ड्राइव का शानदार मिश्रण दिखाते हुए 35 गेंदों पर नाबाद 79 रन बनाए, जबकि सॉल्ट 59 रन बनाकर नाबाद लौटे. दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हुई और इंग्लैंड ने सिर्फ 13.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर नौ विकेट से मुकाबला जीत लिया.
इस जीत के साथ इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है. अब दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला साउथम्पटन में खेला जाएगा, जबकि भारतीय टीम की नजरें सम्मान बचाने पर होंगी. दूसरी ओर दौरे के बाद BCCI की समीक्षा बैठक पर भी सभी की नजरें टिकी रहेंगी.