बांग्लादेश के खिलाड़ियों को आगामी पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में खेलने के लिए आखिरकार उनकी क्रिकेट बोर्ड से नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मिल गया है. हालांकि, पाकिस्तान में स्थिति भयावह बनी हुई है. एक तरफ ईरान-अमेरिका-इजरायल के बीच चलते क्षेत्र में तनाव है तो वहीं दूसरी ओर अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच भी संघर्ष जारी है.
इसी वजह से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टूर्नामेंट को सीमित रखते हुए सिर्फ कराची और लाहौर में कराने का फैसला लिया है. साथ ही शुरुआती मुकाबले बिना दर्शकों के कराए जाएंगे. इससे पहले बांग्लादेश के युवा एवं खेल राज्य मंत्री Aminul Haque ने साफ कहा था कि अगर सुरक्षा स्थिति ठीक नहीं रही तो खिलाड़ियों को अनुमति नहीं दी जाएगी. लेकिन उनके इस बयान के ठीक एक दिन बाद सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि खिलाड़ियों को पीएसएल खेलने की मंजूरी दे दी गई है.
बांग्लादेश बोर्ड ने दे दिया क्लीयरेंस
रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारी ने बताया कि इस मामले पर विदेश मंत्रालय से चर्चा की गई और फिर इस्लामाबाद स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से संपर्क किया गया. वहां से सुरक्षा को लेकर भरोसा मिलने के बाद खिलाड़ियों को जाने की अनुमति दी गई.
यह भी पढ़ें: IPL vs PSL: पाकिस्तान सुपर लीग छोड़कर कितने खिलाड़ी अब तक IPL में आए? टेंशन में PCB, देखें पूरी लिस्ट
मंजूरी मिलने के बाद बांग्लादेश के चार खिलाड़ी पाकिस्तान पहुंच भी चुके हैं और अपनी-अपनी टीमों से जुड़ गए हैं.
इस वजह से मिली परमिशन
उच्चायोग की तरफ से भेजे गए पत्र में कहा गया कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने ईद-उल-अजहा से पहले सीजफायर (युद्धविराम) का ऐलान किया है, जो फिलहाल जारी रहने की उम्मीद है. इसके अलावा मैच कराची और लाहौर जैसे सुरक्षित शहरों में होंगे और स्टेडियम में दर्शकों की एंट्री नहीं होगी.
पत्र में यह भी कहा गया कि पाकिस्तान की संबंधित एजेंसियां खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. ऐसे में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को पीएसएल में हिस्सा लेने की सिफारिश की गई है.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान ने लगाया लाखों का जुर्माना, ICC ने दिया अवॉर्ड… फरहान को लेकर PCB की फजीहत
बांग्लादेश के जिन खिलाड़ियों को इस सीजन में खेलने की अनुमति मिली है, उनमें मुस्तफिजुर रहमान, परवेज हुसैन इमोन, शोरिफुल इस्लाम, नाहिद राणा, तंजीद हसन तमीम और रिशाद हुसैन शामिल हैं. पीएसएल 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होगी, जिसमें पहले मुकाबले में लाहौर कलंदर्स और हैदराबाद किंग्समेन की टीमें आमने-सामने होंगी.