भारतीय क्रिकेट टीम के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपने बिंदास अंदाज से फैन्स का ध्यान खींचने का काम करते रहे हैं. अपने चुलबुले अंदाज से सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने वाले अर्शदीप सिंह एक बार फिर चर्चाओं में आ गए हैं.
हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान भारत के महान स्पिनर रविचंद्रन अश्विन से माफी मांगी है. लेकिन आखिर ऐसा क्या हुआ कि अर्शदीप को अश्विन से माफी मांगनी पड़ी? अश्विन को लेकर अर्शदीप ने अपनी दिल की बात कही है.
कृष्णंक आत्रेय के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अर्शदीप सिंह से उनकी पसंद के आधार पर टॉप पांच भारतीय गेंदबाजों को चुनने और उन्हें रैंक करने के लिए कहा गया था. अर्शदीप ने इस लिस्ट में भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल और रविचंद्रन अश्विन को जगह दी.
लिस्ट में टॉप पर हैं भुवनेश्वर कुमार
अर्शदीप ने भुवनेश्वर कुमार को पहला स्थान दिया और कहा कि वह उनके पर्सनल फेवरेट हैं, इसलिए वह थोड़े पक्षपाती भी हैं. मोहम्मद शमी को दूसरे स्थान पर रखते हुए अर्शदीप ने कहा कि उनकी सीम का जवाब नहीं है और वह किसी भी पिच पर गेंद को स्विंग करा सकते हैं.
कुलदीप-चहल को लेकर कही ये बात
अर्शदीप ने चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव की कला और विकेट लेने की क्षमता की तारीफ करते हुए उन्हें तीसरे स्थान पर रखा. पंजाब किंग्स में अपने साथी युजवेंद्र चहल के शानदार रिकॉर्ड को देखते हुए उन्हें चौथा स्थान मिला.
ये भी पढ़ें- श्रीलंका दौरे से पहले गुरु मंत्र लेने धोनी के घर पहुंचे ऋषभ पंत, क्या अब होगी फॉर्म में वापसी?
अश्विन को आखिरी स्थान पर मिली जगह
जैसे ही अर्शदीप ने अश्विन को 5वें नंबर पर रखा, उन्हें तुरंत अहसास हुआ कि भारत के इतने बड़े मैच-विनर को सबसे नीचे रखना सही नहीं लग रहा. अपनी बात संभालते हुए और हंसते हुए अर्शदीप ने कहा कि मैं अश्विन भाई को सबसे नीचे रेट नहीं करना चाहता था, लेकिन ऊपर कोई जगह बची ही नहीं थी.
उन्होंने अपनी बात को आगे जारी रखते हुए कहा कि अश्विन कमाल के खिलाड़ी हैं और पंजाब टीम में आईपीएल के दौरान मेरे पहले कप्तान भी रह चुके हैं. सॉरी अश्विन भाई, मैं आपको पर्सनली मैसेज करके माफी मांग लूंगा.