जेम्स एंडरसन टेस्ट क्रिकेट में 600 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बन गए, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ वर्षाबाधित तीसरा और आखिरी टेस्ट पांचवें दिन मंगलवार को ड्रॉ पर छूटा. इसके साथ ही इंग्लैंड ने 10 साल बाद उसके खिलाफ टेस्ट सीरीज अपने नाम की. इंग्लैंड ने पहला टेस्ट जीता था, जबकि बाकी दोनों टेस्ट ड्रॉ रहे. 267 रनों की पारी खेलने वाले जाक क्राउली 'मैन ऑफ द मैच' बने, जबकि जोस बटलर और मोहम्मद रिजवान संयुक्त रूप से 'मैन ऑफ द सीरीज' रहे.
तीसरे टेस्ट के पांचवें दिन सिर्फ 27.1 ओवर फेंके जा सके और 15 ओवर बाकी रहते अंपायरों ने खेल समाप्ति की घोषणा की. खराब रोशनी और बारिश के कारण तीसरे और चौथे दिन भी खेल बाधित हुआ. इंग्लैंड के पहली पारी के 8 विकेट पर 583 रन (घोषित) के जवाब में पाकिस्तान ने फॉलोऑन खेलते हुए चार विकेट पर 187 रन बनाए.
600 टेस्ट विकेट लेने वाले दुनिया के पहले तेज गेंदबाज बने जेम्स एंडरसन
पाकिस्तानी टीम पहली पारी में 273 रन पर आउट हो गई थी. दूसरी पारी में बाबर आजम 63 रन बनाकर नाबाद रहे. चौथे दिन के स्कोर दो विकेट पर 100 रन से आगे खेलते हुए पाकिस्तान ने दो विकेट और गंवाए. एंडरसन ने अजहर अली को आउट करके 600वां विकेट लिया. असद शफीक (21) को जो रूट ने पवेलियन भेजा.
Balls bowled to take 600 Test wickets:
— ICC (@ICC)
Muttiah Muralitharan 3️⃣3️⃣,7️⃣1️⃣1️⃣
JAMES ANDERSON 3️⃣3️⃣,7️⃣1️⃣7️⃣
Shane Warne 3️⃣4️⃣,9️⃣2️⃣0️⃣
Anil Kumble 3️⃣8️⃣,4️⃣9️⃣4️⃣
कोरोना वायरस महामारी के कारण लागू प्रतिबंधों की वजह से मैदान में एक भी दर्शक नहीं था. अपना 156वां टेस्ट खेल रहे एंडरसन सर्वाधिक विकेट लेने वाले टेस्ट गेंदबाजों की सूची में चौथे स्थान पर आ गए. उनसे पहले मुथैया मुरलीधरन (800), शेन वॉर्न (708) और अनिल कुंबले (619) हैं, लेकिन ये तीनों स्पिनर है.
एंडरसन 600 विकेट तक पहुंचने वाले दूसरे सबसे तेज गेंदबाज हैं . उन्होंने मुरलीधरन से छह गेंद ज्यादा लीं, लेकिन उनके 600 विकेट पहले ही हो जाते अगर तीसरे और चौथे दिन पाकिस्तान के चार बल्लेबाजों के कैच नहीं छूटे होते .