Shani Nakshatra Parivartan 2026: आज (17 अप्रैल 2026) का दिन ज्योतिष के अनुसार बेहद खास माना जा रहा है. दरअसल, आज शाम 4 बजकर 05 मिनट पर शनिदेव मीन राशि में स्थित उत्तराभाद्रपद नक्षत्र के चौथे चरण में प्रवेश करेंगे. ज्योतिष शास्त्र में शनि के नक्षत्र या चरण परिवर्तन को भी उतना ही महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इसका सीधा प्रभाव सभी राशियों के जीवन पर पड़ता है.
उत्तराभाद्रपद नक्षत्र के स्वामी स्वयं शनिदेव हैं, जबकि इसके चौथे चरण के स्वामी मंगल ग्रह हैं. यही वजह है कि इस समय शनि और मंगल दोनों का प्रभाव देखने को मिलेगा. यह गोचर 17 अप्रैल से 17 मई 2026 तक रहेगा. इस दौरान शनि 13°20' से 16°40' डिग्री के बीच संचरण करेंगे, जो वृश्चिक नवांश में आता है.
क्यों खास है उत्तराभाद्रपद का चौथा चरण?
यह चरण भावनाओं, गहराई और आंतरिक बदलाव से जुड़ा होता है. इस दौरान इमोशनल गहराई बढ़ेगी, जीवन में बदलाव के अवसर मिलेंगे, रिसर्च और स्पिरिचुअलिटी की ओर रुझान बढ़ेगा, मेडिकल, साइंस और शिक्षा क्षेत्र में सफलता के मौके मिलेंगे.
शनि अनुशासन का ग्रह है और मंगल ऊर्जा का कारक. दोनों के संयुक्त प्रभाव से मेहनत करने वालों को सफलता मिलेगी, जबकि गलत रास्ते अपनाने वालों को तुरंत परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं. आइए पंडित प्रवीण मिश्र से जानते हैं कि शनि के पद नक्षत्र परिवर्तन से किन राशियों को लाभ होगा और किन राशियों को होगी हानि.
मेष राशि
मेष राशि के लिए यह समय खर्चों और प्लानिंग का रहेगा. अचानक खर्च बढ़ सकते हैं, इसलिए बजट बनाकर चलना जरूरी होगा. हालांकि, विदेश या दूर स्थान से लाभ के संकेत मिल रहे हैं. नौकरीपेशा लोगों को नए अवसर मिल सकते हैं, लेकिन धैर्य रखना होगा. बिजनेस में धीरे-धीरे सुधार होगा. मानसिक तनाव से बचने के लिए मेडिटेशन फायदेमंद रहेगा.
उपाय: मंगलवार को हनुमान मंदिर में सिंदूर चढ़ाएं और शनिवार को सुंदरकांड का पाठ करें.
वृषभ राशि
वृषभ राशि वालों के लिए यह समय आर्थिक रूप से मजबूत साबित हो सकता है. रुका हुआ पैसा मिलने के योग हैं और नई इनकम के स्रोत भी बन सकते हैं. जो लोग बिजनेस करते हैं, उन्हें अचानक लाभ मिल सकता है. परिवार में भी सहयोग मिलेगा, लेकिन रिश्तों में अहंकार से बचना जरूरी है.
उपाय: मंगलवार को लाल फल अर्पित करें और जरूरतमंदों में बांटें.
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों के करियर में उछाल देखने को मिल सकता है. प्रमोशन, नई नौकरी या नई जिम्मेदारी मिलने के योग हैं. आपकी मेहनत और काम की तारीफ होगी. हालांकि, जल्दबाजी में कोई फैसला लेने से बचें. यह समय स्किल्स को बेहतर बनाने के लिए भी अच्छा है.
उपाय: हनुमान जी को मीठा पान अर्पित करें और नियमित पूजा करें.
कर्क राशि
कर्क राशि वालों के लिए यह समय भाग्य का साथ देने वाला रहेगा. धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी. धन लाभ के योग बन रहे हैं और इनकम बढ़ाने के नए रास्ते खुल सकते हैं. परिवार में भी सकारात्मक माहौल रहेगा.
उपाय: शनिवार को सुंदरकांड का पाठ करें और गरीबों को भोजन कराएं.
सिंह राशि
सिंह राशि वालों के लिए यह समय थोड़ा सतर्क रहने का है, लेकिन साथ ही लाभ के अवसर भी मिलेंगे. रिसर्च, एजुकेशन और टेक्निकल फील्ड से जुड़े लोगों को फायदा होगा. अचानक किसी अच्छी खबर से मन खुश हो सकता है. स्वास्थ्य का ध्यान रखें और निवेश सोच-समझकर करें.
उपाय: रोजाना हनुमान चालीसा का पाठ करें.
कन्या राशि
कन्या राशि वालों के लिए यह समय मेहनत का फल देने वाला है. करियर और बिजनेस में धीरे-धीरे ग्रोथ होगी. पार्टनरशिप में काम करने वालों को लाभ मिल सकता है, लेकिन आपसी तालमेल बनाए रखना जरूरी है. परिवार में चल रही समस्याएं भी कम होंगी.
उपाय: हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ करें.
तुला राशि
तुला राशि वालों के लिए यह समय प्रतिस्पर्धा में जीत दिलाने वाला हो सकता है. जो लोग कॉम्पिटिटिव एग्जाम की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें सफलता मिल सकती है. कोर्ट-कचहरी के मामलों में भी राहत मिलने के योग हैं. स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न करें.
उपाय: मंगलवार को लाल मिठाई का भोग लगाकर गरीबों में बांटें.
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों के लिए यह समय करियर में प्रगति का है. प्रमोशन या नई जिम्मेदारी मिल सकती है. आर्थिक स्थिति मजबूत होगी. संतान पक्ष से भी खुशखबरी मिल सकती है. अपनी योजनाओं पर काम करें, सफलता मिलेगी.
उपाय: प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करें.
धनु राशि
धनु राशि वालों के लिए यह समय प्रॉपर्टी और घरेलू मामलों में शुभ रहेगा. घर-परिवार से जुड़े काम पूरे होंगे. आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा, लेकिन खर्चों पर नियंत्रण रखना जरूरी है. परिवार में तालमेल बनाए रखें.
उपाय: मंगलवार को फल का दान करें और शनिवार को भोजन दान करें.
मकर राशि
मकर राशि वालों के लिए यह समय पराक्रम और आत्मविश्वास बढ़ाने वाला रहेगा. आपके प्रयासों को सफलता मिलेगी. समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा. नई योजनाओं पर काम शुरू करने के लिए समय अनुकूल है.
उपाय: शनिवार को गरीबों को भोजन और जरूरत की चीजें दान करें.
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों के लिए यह समय आर्थिक रूप से लाभकारी रहेगा. आय में वृद्धि के योग हैं. जीवन में सुख-सुविधाएं बढ़ेंगी. प्रॉपर्टी खरीदने का विचार भी इस समय सफल हो सकता है.
उपाय: काले चने और हलवा चढ़ाकर गरीबों में बांटें.
मीन राशि
मीन राशि वालों के लिए यह समय बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि शनि आपकी ही राशि में गोचर कर रहे हैं. रुके हुए काम पूरे होंगे. करियर में नई दिशा मिलेगी. रिसर्च और शिक्षा से जुड़े लोगों को खास फायदा होगा.
उपाय: हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ करें, गरीबों को भोजन दान करें.