30 जुलाई से श्रावण मास का शुभारंभ होने वाला है. सावन का ये पवित्र महीना 28 अगस्त तक रहेगा. इस साल सावन में चार सोमवार व्रत रहने वाले हैं. पूरे महीने शिव मंदिरों में जलाभिषेक, पूजा-अर्चना और शिवभक्ति का विशेष माहौल रहेगा. ज्योतिषविदों के अनुसार, भगवान शिव को कुछ राशियां विशेष हैं. ऐसे में सावन का महीना इन राशियों के लिए अत्यंत शुभ माना जा रहा है. संभवत: श्रावण मास इन राशियों का गुडलक लेकर आ सकता है.
वृषभ राशि
वृषभ राशि का संबंध भगवान शिव के मस्तक पर विराजमान चंद्रदेव से माना जाता है. ऐसे में सावन का महीना इस राशि के जातकों के लिए आर्थिक दृष्टि से अनुकूल रह सकता है. धन से जुड़े मामलों में सकारात्मक संकेत मिल सकते हैं. मानसिक तनाव कम होगा और मन को शांति मिलेगी. परिवार में सामंजस्य बना रहेगा तथा वैवाहिक जीवन में भी खुशियों का वातावरण देखने को मिल सकता है.
उपाय- सावन में हर रोज शिवलिंग का जलाभिषेक करें.
कर्क राशि
कर्क राशि के स्वामी भी चंद्रदेव हैं, इसलिए सावन के दौरान भगवान शिव की विशेष कृपा इस राशि पर बनी रह सकती है. करियर और व्यापार में अनुकूल परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं. आमदनी बढ़ने के साथ नए लाभ के अवसर भी बन सकते हैं. इस दौरान किया गया निवेश भविष्य में सकारात्मक परिणाम दे सकता है. परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी और स्वास्थ्य में भी सुधार महसूस हो सकता है.
उपाय- सावन के प्रत्येक सोमवार संध्याकाल में हरी चीजों का दान करें.
मकर राशि
मकर राशि के स्वामी शनिदेव हैं, जिन्हें भगवान शिव का परम भक्त माना जाता है. सावन का महीना इस राशि के जातकों के लिए शुभ संभावनाएं लेकर आ सकता है. आर्थिक स्थिति मजबूत होने के संकेत हैं और धन प्राप्ति के नए अवसर मिल सकते हैं. नौकरी और कारोबार से जुड़े मामलों में सफलता मिलने की संभावना रहेगी. लंबे समय से चली आ रही परेशानियां धीरे-धीरे कम हो सकती हैं और कोई सुखद समाचार भी मिल सकता है.
उपाय- सोमवार को शिवजी की पूजा के बाद शिव चालीसा का पाठ करें.
कुंभ राशि
कुंभ राशि के स्वामी भी शनिदेव हैं. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार सावन के दौरान इस राशि पर भगवान शिव का विशेष आशीर्वाद बना रह सकता है. आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत हैं. पहले किए गए निवेश से अपेक्षा के अनुरूप लाभ मिलने की संभावना बन सकती है. संपत्ति या कीमती वस्तुओं में निवेश लाभकारी साबित हो सकता है. निर्णय लेने की क्षमता मजबूत होगी, जिससे महत्वपूर्ण कार्यों में सफलता और समाज में मान-सम्मान बढ़ने के योग बन सकते हैं.
उपाय- शिवजी को बेलपत्र, शमी पत्र या रुद्राक्ष अर्पित करें.