scorecardresearch
 

आधी कीमत में खरीदते थे नकली नोट, असली बताकर बाजार में खपाते थे, कोटा में गैंग का भंडाफोड़

राजस्थान के कोटा में नकली नोटों के बड़े खेल का खुलासा हुआ है. पुलिस ने ऐसे गिरोह को पकड़ा है, जो आधी कीमत में नकली करेंसी खरीदता था और बाजार में असली बनाकर चला रहा था. हैरान करने वाली बात ये है कि महज 12,500 रुपये में 30 हजार के नकली नोट लेकर ये लोग धड़ल्ले से लोगों को ठग रहे थे. पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
X
पुलिस ने गैंग के पांच आरोपियों को किया अरेस्ट. (Photo: Screengrab)
पुलिस ने गैंग के पांच आरोपियों को किया अरेस्ट. (Photo: Screengrab)

राजस्थान के कोटा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली नोटों के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो लंबे समय से नकली करेंसी को बाजार में खपाने का काम कर रहे थे. ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर के निर्देश पर चेचट थाना पुलिस ने विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की.

मोडक रोड स्थित एक होटल के पास गश्त और नाकाबंदी के दौरान पुलिस को दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए. पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया.

तलाशी के दौरान उनके पास से 500 रुपये के तीन और 200 रुपये का एक नकली नोट बरामद हुआ. पूछताछ में दोनों की पहचान जाहिद और इस्लाम के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ की गई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ. आरोपी 30 हजार रुपये के नकली नोट सिर्फ 12,500 रुपये में खरीदते थे और फिर उन्हें असली बताकर बाजार में चलाते थे. सस्ते दाम पर नकली करेंसी खरीदना और उसे खपाना ही उनका मुख्य तरीका था.

यह भी पढ़ें: कमरे में लगाया कलर प्रिंटर और स्कैनर... यूट्यूब पर वीडियो देख सीखा तरीका, छापने लगा नकली नोट

Advertisement

आगे की पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए. आरोपियों ने बताया कि नकली नोट उन्हें वकार और वसीम के जरिए मिलते थे, जबकि ये नोट सोहेल नाम के युवक से आते थे. इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही गिरोह के पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है. इस कार्रवाई में चेचट थाना पुलिस के साथ सुकेत थाना पुलिस की टीम की भी अहम भूमिका रही. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, जिससे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement