जयपुर के वैशाली नगर में गुरुवार दोपहर एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के बेसमेंट की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर ढह गया, जिसकी चपेट में आकर तीन महिला मजदूर जिंदा दब गईं.
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही मिनटों में काम का स्थल मातम में बदल गया. हादसा दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ.
जानकारी के अनुसार, समन्वय ग्रुप की ओर से 'The Autograph' नाम से बहुमंजिला बिल्डिंग का निर्माण किया जा रहा है. बेसमेंट के लिए करीब 20 फीट गहरी खुदाई की जा चुकी थी. दोपहर का भोजन करने के बाद मजदूर दोबारा काम पर लौटे थे और बेसमेंट में मिट्टी समतल करने का काम कर रहे थे. इसी दौरान बेसमेंट के एक हिस्से की मिट्टी अचानक ढह गई और वहां काम कर रहीं तीन महिला मजदूर उसके नीचे दब गईं.
मिट्टी गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. साथी मजदूर महिलाओं को बचाने के लिए दौड़े. जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मिट्टी हटाने का काम शुरू किया गया. करीब 20 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद महिलाओं को बाहर निकाला गया और तत्काल एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तीनों महिलाओं ने दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान बिहार निवासी सुनीता देवी, प्रतिमा कुमारी और आनती कुमारी के रूप में हुई है. तीनों मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही थीं.
एसीपी वैशाली नगर अनिल शर्मा ने बताया कि गुरुवार दोपहर सूचना मिली थी कि निर्माणाधीन बिल्डिंग के बेसमेंट की खुदाई के दौरान मिट्टी ढहने से कुछ मजदूर दब गए हैं.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अन्य मजदूर और स्थानीय लोग महिलाओं को निकालकर अस्पताल ले जा चुके थे.अस्पताल से सूचना मिली कि तीनों महिला मजदूरों की मौत हो गई है.
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बेसमेंट की खुदाई के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि निर्माण कार्य निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जा रहा था या नहीं. खुदाई के दौरान मिट्टी को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कंपनी, ठेकेदार और साइट प्रबंधन से जुड़े जिम्मेदार लोगों से पूछताछ की जाएगी. तकनीकी रिपोर्ट भी ली जाएगी.
यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही, सुरक्षा मानकों की अनदेखी या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.