Rajasthan News: जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) और जयपुर पुलिस प्रशासन शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू करने जा रहा है. मालवीय नगर से जगतपुरा तक जाने वाली मुख्य सड़क को चौड़ा करने के लिए नंदपुरी में सड़क सीमा (राइट ऑफ वे) के भीतर आने वाले धार्मिक स्थलों को हटाने की पूरी तैयारी कर ली गई है. इस कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े इसके लिए भारी पुलिस अमले को जमीन पर उतारा गया है.
कार्रवाई को बिना किसी गतिरोध और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण और पुलिस ने अपनी मुस्तैदी बढ़ा दी है.
इस पूरे सुरक्षा चक्र की कमान 50 सीनियर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी संभालेंगे. कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को चाक-चौबंद रखने के लिए 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम को तैनात किया गया है, जो किसी भी विपरीत हालात से निपटने के लिए तैयार रहेगी.
अफवाह फैलाई तो होगी जेल
इस संवेदनशील कार्रवाई के मद्देनजर जयपुर पुलिस कमिशनर सचिन मित्तल ने सख्त हिदायत जारी की है. उन्होंने साफ किया कि सड़क सीमा में आने वाले धार्मिक स्थलों को हटाने की इस प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान सोशल मीडिया या डिजिटल मीडिया पर धार्मिक उन्माद या नफरत फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस बेहद कठोरता से पेश आएगी.
पुलिस आयुक्त ने अंदेशा जताते हुए कहा, "इस कार्रवाई के दौरान कुछ असामाजिक तत्व अथवा शरारती प्रवृत्ति के लोग सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों पर वीडियो, भ्रामक पोस्ट या अफवाहें प्रसारित करने का प्रयास कर सकते हैं. ऐसे किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."