जयपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार थार ने सड़क पर ऐसा कहर बरपाया कि एक बुजुर्ग की जिंदगी छीन ली. मालवीय नगर थाना इलाके में सरस पुलिया के पास तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार 62 वर्षीय छाजू सिंह को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि छाजू सिंह उछलकर सड़क पर जा गिरे और इसके बाद करीब 50 मीटर तक घिसटते चले गए. हादसे में गंभीर रूप से घायल छाजू सिंह ने एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
मृतक छाजू सिंह एक हॉस्टल में गार्ड की नौकरी करते थे. पिछले दो-तीन दिनों से उनकी तबीयत खराब थी और उन्हें खांसी-जुकाम की शिकायत थी. शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे वह स्कूटी लेकर जयपुरिया अस्पताल में दवाई लेने के लिए निकले थे. सुबह करीब 7:30 बजे सरस पुलिया के पास तेज रफ्तार थार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही छाजू सिंह सड़क पर जा गिरे. इसके बाद वाहन की चपेट में आने से वह करीब 50 मीटर तक घिसटते चले गए. हादसे में उनकी पसलियों समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं.
थार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
टक्कर के बाद थार भी बेकाबू हो गई और सड़क किनारे लगे खंभे को तोड़ते हुए काफी दूर तक चली गई. हादसे की आवाज और मंजर देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही मालवीय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल छाजू सिंह को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन देर शाम तक इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
फिलहाल पुलिस ने हादसे में शामिल थार को जब्त कर लिया है. पुलिस के मुताबिक वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया. अब पुलिस थार चालक की तलाश में जुटी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.