जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब दिल्ली से जयपुर पहुंची एक महिला यात्री पर अचानक कुत्ते ने हमला कर दिया. इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके पैर से खून बहने लगा. घटना के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया.
दरअसल, यह घटना रविवार दोपहर करीब 2:20 बजे की बताई जा रही है. महिला यात्री फ्लाइट से उतरकर टर्मिनल-2 के अराइवल एरिया से बाहर निकल रही थी. इसी दौरान गेट के बाहर मौजूद एक कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया. हमले के दौरान महिला के पैर में गहरा जख्म हो गया और वह दर्द से चिल्लाने लगी.
यह भी पढ़ें: एक पल की झपकी, 5 जिंदगियां खत्म... जयपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा
मौके पर मची अफरा-तफरी
घटना को देखकर वहां मौजूद अन्य यात्री और एयरपोर्ट स्टाफ सन्न रह गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सब कुछ बहुत तेजी से हुआ और किसी को प्रतिक्रिया देने का मौका नहीं मिला. महिला के चिल्लाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसकी मदद की और उसे सुरक्षित स्थान पर ले गए.
एयरपोर्ट प्रशासन को सूचना देने के बाद घायल महिला को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया. इलाज के बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन भी सतर्क हो गया.
कुत्ते का पहले से हो चुका था वैक्सीनेशन
घटना के बाद यह जानकारी सामने आई कि जिस कुत्ते ने महिला पर हमला किया था, उसका पहले ही वैक्सीनेशन किया जा चुका था. इससे किसी बड़े स्वास्थ्य खतरे की आशंका कम बताई जा रही है.
हालांकि इस घटना ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यात्रियों ने इस तरह की घटनाओं को लेकर चिंता जताई है. फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है और घटना के बाद स्थिति सामान्य हो गई है.