scorecardresearch
 

कूनो से निकला, चंबल में छाया... चीता KPG-3 का शिकार कैमरे में कैद

कूनो राष्ट्रीय उद्यान से आया चीता KPG-3 धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व में सक्रिय है. चंबल के बीहड़ों में उसने बकरे का शिकार किया, जिसका वीडियो सामने आया है. वन विभाग रेडियो कॉलर से निगरानी कर रहा है. अधिकारियों के मुताबिक क्षेत्र में शिकार और पानी मिलने से चीता लगातार जंगल में विचरण कर रहा है.

Advertisement
X
वीडियो वायरल.(Photo: Screengrab)
वीडियो वायरल.(Photo: Screengrab)

राजस्थान के नवगठित धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व में मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान से आया चीता केपीजी-3 लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है. चंबल के बीहड़ों में विचरण कर रहे इस चीते ने हाल ही में एक बकरे का शिकार किया, जिसका वीडियो कैमरे में कैद हो गया. सात मई को यह चीता चंबल नदी के बीहड़ों से होते हुए रिजर्व के बफर जोन स्थित सरमथुरा उपखंड के रिझोनी वनखंड क्षेत्र के भेड़े का पुरा के जंगलों में पहुंचा था और तब से लगातार इसी इलाके में घूम रहा है.

पिछले तीन दिनों से यह चीता बिलौनी गांव के आसपास के जंगलों में देखा जा रहा है. चीते को देखने की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी. हालांकि सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है और रेडियो कॉलर की मदद से उसकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. निगरानी में डीएफओ वी. चेतन कुमार, डीएफओ वन्यजीव डॉ. आशीष व्यास, क्षेत्रीय वन अधिकारी दीपक मीणा, देवेंद्र सिंह, कूनो की टीम और वन विभाग के अन्य अधिकारी शामिल हैं.

यह भी पढ़ें: धौलपुर: दो युवकों पर ब्लैकमेल का आरोप, मानसिक तनाव में नाबालिग लड़की ने उठाया खौफनाक कदम

वन विभाग के अनुसार चीता लगातार रिजर्व के विभिन्न वनखंडों में विचरण कर रहा है और अब तक सुरक्षित है.

टाइगर रिजर्व में मिल रहा पर्याप्त शिकार और पानी

Advertisement

वन विभाग का कहना है कि पिछले सात दिनों से चीते को टाइगर रिजर्व का जंगल रास आ गया है. क्षेत्र में प्रचुर मात्रा में शिकार और पानी उपलब्ध होने के कारण वह यहीं डेरा डाले हुए हैं. रीझोनी से बथुआ खो वनखंड और बिलौनी गांव के आसपास के जंगलों में उसकी नियमित गतिविधि दर्ज की जा रही है.

देखें वीडियो...

अधिकारियों के मुताबिक, टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों की पर्याप्त संख्या और वाटर होल्स मौजूद हैं, जिससे चीते के लिए अनुकूल वातावरण बन गया है. यही कारण है कि उसका मूवमेंट फिलहाल इसी क्षेत्र में बना हुआ है.

लगातार निगरानी में वन विभाग और कूनो टीम

डीएफओ वी. चेतन कुमार ने बताया कि चीता वर्तमान में टाइगर रिजर्व क्षेत्र में ही मौजूद है और उसकी निगरानी रेडियो कॉलर के जरिए लगातार की जा रही है. कूनो राष्ट्रीय उद्यान की टीम भी वन विभाग के साथ मिलकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

उन्होंने कहा कि यदि चीता लंबे समय तक यहीं रहता है तो आगे का निर्णय कूनो की टीम करेगी. फिलहाल पर्याप्त शिकार और पानी मिलने के कारण चीते को यह क्षेत्र अनुकूल लग रहा है और उसकी निगरानी जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement