scorecardresearch
 

धौलपुर: दो युवकों पर ब्लैकमेल का आरोप, मानसिक तनाव में नाबालिग लड़की ने उठाया खौफनाक कदम

धौलपुर में 14 साल की एक किशोरी ने कथित ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आत्महत्या कर ली. परिजनों का आरोप है कि दो युवक सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आए और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर बच्ची को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
नाबालिग लड़की ने किया सुसाइड. (Photo: Representational)
नाबालिग लड़की ने किया सुसाइड. (Photo: Representational)

राजस्थान के धौलपुर जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर 14 वर्षीय बालिका ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों ने दो युवकों पर सोशल मीडिया के जरिए बेटी को ब्लैकमेल करने और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मामला जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र का है. मृतका के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो युवक सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी बेटी के संपर्क में आए थे. शुरुआत में दोनों युवकों ने बातचीत कर उसे अपने विश्वास में लिया और बाद में उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया. परिजनों का आरोप है कि इसके बाद दोनों युवकों ने नाबालिग के आपत्तिजनक फोटो अपने पास रख लिए और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया.

14 साल की बच्ची, फांसी लगाकर दी जान

शिकायत में कहा गया है कि आरोपी लगातार लड़की पर दबाव बना रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी. रिपोर्ट के अनुसार, 5 मई को दोनों युवक कथित तौर पर लड़की के घर के आसपास भी दिखाई दिए थे. उस समय उसकी मां खेतों पर मजदूरी करने गई हुई थी. परिवार का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों और सामाजिक बदनामी के डर से बच्ची तनाव में थी.

Advertisement

इसी मानसिक दबाव के चलते नाबालिग ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले में एएसआई रघुवीर मीणा ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की भूमिका और सोशल मीडिया चैट सहित अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है. घटना के बाद इलाके में भी दुख और गुस्से का माहौल है. परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement