दिल्ली में CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजस्थान के धौलपुर जिले में भी पुलिस अलर्ट हो गई है. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से जुड़े मार्गों पर एहतियात बरतते हुए धौलपुर शहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-44 और उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे प्रमुख इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चेकिंग अभियान तेज कर दिया है.
पुलिस प्रशासन ने NH-44 और दिल्ली की ओर जाने वाले मार्गों पर जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाई है. हाईवे से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों को रोककर उनकी गहन तलाशी ली जा रही है. पुलिसकर्मी गाड़ियों की डिग्गी और जरूरी कागजात की जांच करने के साथ ड्राइवरों तथा यात्रियों से पूछताछ कर रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद ही वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी जा रही है.
यह भी पढ़ें: बैंगन का भरता, हाथ की रोटी और हरी मिर्च... नाना पाटेकर की ये यादें धौलपुर में रहेंगी जिंदा
धौलपुर राजस्थान के पूर्वी हिस्से में स्थित है और उत्तर प्रदेश की सीमा से सटा हुआ है. दिल्ली में संभावित प्रदर्शन को देखते हुए यहां की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. पुलिस का मकसद कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी असामाजिक तत्व को माहौल बिगाड़ने से रोकना है.
एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर सख्त चेकिंग
धौलपुर के पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर दिल्ली की तरफ जाने वाले यातायात की विशेष निगरानी की जा रही है. सुरक्षा बलों को प्रमुख मार्गों और सीमा से जुड़े इलाकों में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रख रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.
सघन जांच अभियान के कारण NH-44 पर कुछ स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें भी देखी गईं. हालांकि, पुलिसकर्मी सुरक्षा प्रबंधों को सख्ती से लागू करने के साथ यातायात को सुचारू बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं. जांच के दौरान वाहन चालकों और यात्रियों को पूछताछ तथा कागजात की जांच से गुजरना पड़ रहा है.
पुलिस उप निरीक्षक घनश्याम सिंह ने बताया कि एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर दिल्ली में CJP को लेकर NH-44 पर दिल्ली की ओर जाने वाले प्रत्येक वाहन की सघन तलाशी ली जा रही है. यात्रियों और ड्राइवरों से भी पूछताछ की जा रही है. वाहनों की डिग्गी और दस्तावेजों की जांच के बाद ही उन्हें आगे बढ़ने दिया जा रहा है.
सुरक्षा व्यवस्था आगे भी रहेगी जारी
स्थानीय पुलिस प्रशासन के मुताबिक, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह सतर्कता आगे भी जारी रहेगी. दिल्ली की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों और उत्तर प्रदेश से सटे बॉर्डर इलाकों में निगरानी के जरिए संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है.
पुलिस की प्राथमिकता शांति व्यवस्था कायम रखना और किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकना है. इसी के तहत हाईवे पर बैरिकेडिंग, वाहनों की तलाशी और यात्रियों से पूछताछ की जा रही है. संभावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए धौलपुर में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं.