scorecardresearch
 

अलवर: समझौते के नाम पर 15 लाख मांगे, इनकार पर चाकू से हमला

अलवर के अखेपुरा थाना क्षेत्र में रविवार को प्लेटिनम टावर स्थित एक मोबाइल शोरूम संचालक प्रथम मुखिजा पर दिनदहाड़े चाकू से हमला कर दिया गया. घटना सीसीटीवी में कैद हो गई और वीडियो वायरल हो रहा है. परिजनों का आरोप है कि पुराने विवाद में समझौते के लिए 15 लाख रुपये की मांग की गई थी.

Advertisement
X
व्यापारी पर चाकू से हमले का वायरल हो रहा है वीडियो. (Photo: Screengrabs)
व्यापारी पर चाकू से हमले का वायरल हो रहा है वीडियो. (Photo: Screengrabs)

राजस्थान के अलवर शहर में रविवार को दिनदहाड़े एक मोबाइल शोरूम संचालक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

पहले भी हुआ था युवकों का विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना अखेपुरा थाना क्षेत्र के ज्योतिराव फुले सर्किल स्थित प्लेटिनम टावर में हुई. यहां क्लाउड मोबाइल शॉप के संचालक प्रथम मुखिजा पर तीन युवकों ने हमला कर दिया. घायल को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए. फिलहाल उसका इलाज जारी है.

घायल के पिता राजेश मुखिजा ने बताया कि करीब पांच दिन पहले खुदनपुरी जोहड़ के पास कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था. उसी मामले को लेकर आरोपी मन्नू मीणा, धीरज और हर्षित रविवार को शोरूम पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने पुराने विवाद में समझौते के बदले 15 लाख रुपये की मांग की. जब प्रथम ने पैसे देने से इनकार किया तो मन्नू मीणा ने उसके पेट में नाभि के पास चाकू से वार कर दिया. वारदात के बाद आरोपी मौके पर ही चाकू छोड़कर फरार हो गए.

Advertisement

सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही अखेपुरा और अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है. फुटेज में एक युवक प्रथम पर चाकू से हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से चाकूबाजी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके और अस्पताल पहुंची. उन्होंने बताया कि घायल की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement