scorecardresearch
 

पंचायत चुनाव से पहले अजमेर में सियासी संग्राम, कांग्रेस प्रत्याशी की गिरफ्तारी पर थाने पहुंचे रघु शर्मा, पुलिस से तीखी भिड़ंत

अजमेर जिले के सरवाड़ में पंचायत चुनाव से पहले कांग्रेस प्रत्याशी हंसराज गुर्जर की गिरफ्तारी पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. पूर्व मंत्री रघु शर्मा समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए. उन्होंने इसे भाजपा के दबाव में की गई कार्रवाई बताया, जबकि पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी मारपीट की एफआईआर के आधार पर हुई है.

Advertisement
X
कांग्रेस प्रत्याशी की गिरफ्तारी पर थाने पहुंचे रघु शर्मा. (Photo: ITG)
कांग्रेस प्रत्याशी की गिरफ्तारी पर थाने पहुंचे रघु शर्मा. (Photo: ITG)

राजस्थान के अजमेर जिले के सरवाड़ में पंचायत चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमा गया है. जिला परिषद चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी हंसराज गुर्जर की गिरफ्तारी के बाद पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता रघु शर्मा अपने समर्थकों के साथ पुलिस थाने पहुंच गए. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए थाने का घेराव किया. इस दौरान पुलिस और रघु शर्मा के बीच तीखी नोकझोंक हुई. थाने के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश देखने को मिला. हालात को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया और बैरिकेडिंग की गई. कांग्रेस नेता रघु शर्मा ने आरोप लगाया कि हंसराज गुर्जर को चुनाव लड़ने से रोकने के लिए उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज किया गया और बिना उचित जांच के गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं, पुलिस का कहना है कि हंसराज की गिरफ्तारी मारपीट के एक मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई है. पुलिस ने निष्पक्ष जांच का दावा किया है.

पुलिस के मुताबिक, 13 तारीख को सरवाड़ थाने में छोटू गिरी नाम के परिवादी ने मारपीट का मामला दर्ज कराया था. इसी एफआईआर के आधार पर कांग्रेस प्रत्याशी हंसराज गुर्जर को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच सराना थाने के थाना अधिकारी को सौंपी गई है. पुलिस का कहना है कि कार्रवाई कानून के दायरे में रहकर की जा रही है और जांच निष्पक्ष तरीके से होगी. एएसपी राजेश मील ने भी इस मामले में पुलिस का पक्ष रखा. हालांकि, कांग्रेस नेता रघु शर्मा ने गिरफ्तारी के समय और इसके पीछे की मंशा पर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि हंसराज गुर्जर के खिलाफ कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई है. इसी मुद्दे को लेकर वह समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया.

Advertisement

रघु शर्मा बोले, भाजपा के दबाव में हुई कार्रवाई

पूर्व मंत्री रघु शर्मा ने पुलिस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताते हुए आरोप लगाया कि पुलिस भाजपा के दबाव में काम कर रही है. उन्होंने कहा कि जिस  व्यक्ति की शिकायत के आधार पर हंसराज गुर्जर को गिरफ्तार किया गया है, उस पर खुद पेट्रोल पंप से लाखों रुपये के गबन का आरोप है. रघु शर्मा के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति ने पहले 65 लाख रुपये का गबन किया था और गुजरात के गांधीधाम भाग गया था. उन्होंने दावा किया कि करीब चार महीने पहले उसे पकड़कर लाया गया था, लेकिन वह 5 तारीख को फिर से पांच लाख रुपये लेकर फरार हो गया.


रघु शर्मा ने कहा कि हंसराज गुर्जर ने करीब 11 दिन पहले कथित गबन के मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया. उनका आरोप है कि इसके बाद जैसे ही हंसराज गुर्जर को वार्ड नंबर 12 से जिला परिषद चुनाव के लिए कांग्रेस का टिकट मिला, उनके खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. रघु शर्मा ने सवाल उठाया कि जब हंसराज गुर्जर के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई, तो पुलिस ने किस आधार पर कार्रवाई की. उन्होंने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी का मकसद उन्हें चुनाव लड़ने से रोकना है. हालांकि, ये आरोप रघु शर्मा ने लगाए हैं. पुलिस का पक्ष है कि गिरफ्तारी दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई है.

Advertisement

थाने के बाहर प्रदर्शन के दौरान रघु शर्मा ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर दूसरे मुद्दों को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले डेढ़ से दो महीने से सरकारी पाइपलाइन चोरी करने वाले गिरोह के संबंध में शिकायतें दी जा रही हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की है. रघु शर्मा के मुताबिक, हाल ही में इस मामले में एक जेसीबी भी पकड़ी गई थी, जो थाने में खड़ी है. उन्होंने सवाल किया कि जब जेसीबी पुलिस के पास मौजूद है, तो अब तक इस मामले में किसी व्यक्ति को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया. उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि एक ओर पाइपलाइन चोरी जैसे मामलों में कार्रवाई नहीं हो रही, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस प्रत्याशी को तेजी से गिरफ्तार कर लिया गया. रघु शर्मा ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पुलिस को निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए.

थाने के बाहर नारेबाजी, पुलिस बल तैनात

हंसराज गुर्जर की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी दिखाई दी. रघु शर्मा के साथ पहुंचे समर्थकों ने थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए. इस दौरान 'रघु शर्मा जिंदाबाद', 'पुलिस प्रशासन हाय-हाय' और 'तानाशाही नहीं चलेगी' जैसे नारे सुनाई दिए. थाने के बाहर बैरिकेडिंग की गई और पुलिस बल तैनात रहा. रघु शर्मा बैरिकेड्स के पास खड़े होकर पुलिस अधिकारियों पर आरोप लगाते रहे. उन्होंने पुलिसकर्मियों पर भाजपा के एजेंट की तरह काम करने का आरोप लगाया. 

Advertisement

यह पूरा घटनाक्रम पंचायत चुनाव से पहले सामने आया है. कांग्रेस प्रत्याशी की गिरफ्तारी ने सरवाड़ में राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया है. एक तरफ कांग्रेस नेता कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से जोड़ रहे हैं, वहीं पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी मारपीट की एफआईआर के आधार पर हुई है और मामले की जांच जारी है. अब इस विवाद में पुलिस जांच और दोनों पक्षों के आरोप अहम होंगे. फिलहाल, हंसराज गुर्जर की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस का विरोध जारी है और सरवाड़ में यह मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement