scorecardresearch
 

जमीन म्यूटेशन के बदले मांगी रिश्वत, 5500 रुपये लेते रंगेहाथ गिरफ्तार हुई महिला राजस्व निरीक्षक

ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में जमीन के म्यूटेशन और रिकॉर्ड ऑफ राइट्स (RoR) जारी करने के बदले रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है. विजिलेंस विभाग ने एक महिला राजस्व निरीक्षक को 5500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की.

Advertisement
X
शिकायत मिलते ही विजिलेंस ने बिछाया जाल.(Photo: Representational)
शिकायत मिलते ही विजिलेंस ने बिछाया जाल.(Photo: Representational)

ओडिशा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच विजिलेंस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रपाड़ा जिले की एक महिला राजस्व निरीक्षक (Revenue Inspector) को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान केंद्रपाड़ा जिले के कौपड़ा सर्किल की राजस्व निरीक्षक दर्शिनी लेंका के रूप में हुई है.

विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, दर्शिनी लेंका पर जमीन के म्यूटेशन मामले में अनुकूल रिपोर्ट देने और रिकॉर्ड ऑफ राइट्स (RoR) यानी भूमि पट्टा जारी कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है. शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस विभाग ने पूरी योजना बनाकर ट्रैप लगाया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया.

यह भी पढ़ें: ओडिशा में कोविड-19 के दो नए मामले आए सामने, हेल्थ डिपार्टमेंट ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं

गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधन) 2018 के तहत मामला दर्ज किया गया है. मामले की आगे की जांच जारी है.

जमीन खरीदी, फिर शुरू हुआ रिश्वत का खेल

विजिलेंस विभाग के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने कुछ वर्ष पहले दो संयुक्त मालिकों से जमीन खरीदी थी. इसके बाद उसने जमीन अपने नाम कराने और रिकॉर्ड ऑफ राइट्स (RoR) प्राप्त करने के लिए म्यूटेशन का आवेदन किया था.

Advertisement

आवेदक लगातार राजस्व निरीक्षक से म्यूटेशन केस का निस्तारण करने की मांग कर रहा था. आरोप है कि इस दौरान अधिकारी ने अनुकूल रिपोर्ट देने और प्रक्रिया पूरी कराने के बदले 6000 रुपये की रिश्वत की मांग की.

जब आवेदक ने इतनी रकम देने में असमर्थता जताई, तो आरोपी अधिकारी ने कथित तौर पर रिश्वत की मांग घटाकर 5 हजार 500 रुपये कर दी. इसके बाद भी आवेदक ने रिश्वत देने से इनकार कर विजिलेंस विभाग से संपर्क किया.

शिकायत मिलते ही विजिलेंस ने बिछाया जाल

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस अधिकारियों ने पूरी योजना के तहत ट्रैप ऑपरेशन तैयार किया. तय योजना के मुताबिक जैसे ही आरोपी महिला राजस्व निरीक्षक ने शिकायतकर्ता से 5 हजार 500 रुपये की रिश्वत स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही रंगेहाथ पकड़ लिया.

कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई. विजिलेंस अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

इस मामले में कटक विजिलेंस पुलिस स्टेशन में भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 के तहत केस दर्ज किया गया है. अधिकारी अब यह भी जांच कर रहे हैं कि आरोपी की भूमिका अन्य मामलों में भी रही है या नहीं. फिलहाल पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement