MP News: विदिशा जिले के गंजबासौदा में बिजली के करंट से एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई. यहां निर्माणाधीन मकान में रहने वाला 60 साल का शख्स ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गया. बताया जा रहा है कि बुजुर्ग गुटखा थूकने के लिए मकान के छज्जे पर पहुंचा था. करंट लगने के बाद उसका शव छज्जे पर ही लटका रह गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
गंजबासौदा के वार्ड नंबर 6 में यह हादसा हुआ. जानकारी के मुताबिक, 60 वर्षीय बुजुर्ग एक निर्माणाधीन मकान में किराए से रहता था और वहीं काम भी कर रहा था. इसी दौरान गुटखा थूकने के लिए वह मकान के छज्जे पर पहुंचा. तभी ऊपर से गुजर रही 11 केवी की बिजली लाइन की चपेट में आ गया. करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद बुजुर्ग का शव मकान के छज्जे पर लटका रह गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए. सूचना पर गंजबासौदा शहर थाना पुलिस भी पहुंची. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. देखें VIDEO:-
स्थानीय लोगों के मुताबिक, निर्माणाधीन मकान के ऊपर से 11 केवी की बिजली लाइन काफी नजदीक से गुजर रही है. लोगों ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए बिजली विभाग से लाइन को शिफ्ट करने या जरूरी सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है.
एडिशनल एसपी मोनिका तिवारी ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. बहरहाल हादसे ने एक बार फिर रिहाइशी इलाकों में मकानों के पास से गुजरने वाली हाईटेंशन बिजली लाइनों की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं.