एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में दिल्ली एम्स ने बड़ा बयान दिया है. एम्स के फॉरेंसिक हेड डॉ. सुधीर गुप्ता ने साफ कर दिया है कि 'न्याय के लिए जो भी जरूरी होगा, हम वो करेंगे.' यह बयान ऐसे वक्त में आया है, जब मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में ट्विशा का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने का आदेश दिया है. कोर्ट के इस फैसले के बाद दिल्ली एम्स भी एक्शन के लिए पूरी तरह तैयार हो गया है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, AIIMS के फॉरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने बताया कि उन्हें कोर्ट के निर्देशों की जानकारी मीडिया से मिली है और वह अब आधिकारिक आदेश का इंतजार कर रहे हैं. जैसे ही आदेश मिलेगा, या तो डॉक्टरों की टीम भोपाल भेजी जाएगी या फिर शव को AIIMS दिल्ली लाकर पोस्टमॉर्टम किया जाएगा. फिलहाल ट्विशा का पार्थिव शरीर AIIMS भोपाल के मॉर्चरी (शवगृह) में रखा हुआ है.
बता दें कि नोएडा की रहने वाली मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा बीती 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स में अपने ससुराल वाले घर में फंदे से लटकी पाई गई थीं. मौत के बाद से ही दोनों पक्षों में ठन गई है. परिवार का आरोप है कि ट्विशा को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसकी वजह से उसकी जान चली गई. वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि वह नशे की आदी थीं. इन दो अलग-अलग दावों के बीच अब दिल्ली एम्स की एंट्री से इस मौत का असली सच सामने आने की उम्मीद है.
कोर्ट के आदेश के बाद एक्शन तेज, फरार पति पुलिस की हिरासत में
इस हाई-प्रोफाइल केस में शुक्रवार को कई बड़े अपडेट एक साथ सामने आए. पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ को हिरासत में कर लिया है, जो पिछले एक हफ्ते से ज्यादा समय से फरार चल रहा था. वहीं दूसरी तरफ, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए परिवार की मांग पर दिल्ली एम्स की स्पेशल टीम से दूसरा पोस्टमॉर्टम कराने का सख्त आदेश जारी कर दिया.
हाई कोर्ट ने सिर्फ दोबारा पोस्टमॉर्टम का आदेश ही नहीं दिया, बल्कि इस केस में आरोपी बनाई गईं ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं. गिरिबाला सिंह एक पूर्व जज हैं. इसके साथ ही ट्विशा के पिता और राज्य सरकार की याचिकाओं पर भी सुनवाई चल रही है, जिसमें जमानत रद्द करने की मांग की गई है. अब यह केस धीरे-धीरे और पेचीदा होता जा रहा है और हर नई अपडेट के साथ जांच पर निगाहें और तेज हो रही हैं.