मध्यप्रदेश में मैहर जिले के अमरपाटन थाना अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र पडक्का में हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. यहां 23 साल के राजभान कोल के ब्लाइंड मर्डर का राज फाश करते हुए पुलिस ने बताया कि इस खौफनाक वारदात को मृतक की पत्नी के पुराने प्रेमी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था. पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी दिलीप पटेल उर्फ कल्लू और उसके एक साथी जितेन्द्र कुशवाहा को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है, जबकि घटना में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं.
वी ओ: घटना 3 अप्रैल की शाम की है , जब राजभान कोल एक फोन कॉल आने के बाद घर से निकला और लापता हो गया. अगले दिन पडक्का इंडस्ट्रियल एरिया में उसकी लहूलुहान लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक के शरीर पर चोट के निशान और गला रेता होना क्रूरता की गवाही दे रहा था. अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते के नेतृत्व में साइबर सेल और पुलिस टीम ने जब बारीकी से जांच शुरू की, तो संदेह की सुई मृतक की पत्नी साधना के पुराने संबंधों की ओर घूमी. हिरासत में लिए गए दिलीप पटेल ने मनोवैज्ञानिक पूछताछ के सामने घुटने टेक दिए और पूरी साजिश बयां कर दी.
वी ओ :पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी दिलीप और साधना के बीच शादी से पहले से प्रेम संबंध थे, जो साधना की शादी के बाद भी गुपचुप तरीके से चलते रहे. जब राजभान को अपनी पत्नी और दिलीप के रिश्ते पर शक हुआ और वह उनके मिलन में बाधा बनने लगा, तो दिलीप ने उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का मन बना लिया. साजिश के तहत राजभान को शराब पार्टी के बहाने बुलाया गया. नशे में धुत होने के बाद आरोपियों ने पहले उसे बुरी तरह पीटा, फिर पत्थर से सिर कुचलने के बाद कांच की बोतल से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी. फिलहाल पुलिस फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है.