scorecardresearch
 

MP: खरगोन में धर्मांतरण का बड़ा खुलासा, चार गिरफ्तार, किताबें और प्रोजेक्टर जब्त

खरगोन के भीकनगांव क्षेत्र में धर्मांतरण का मामला सामने आया है. पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है और मौके से किताबें, प्रोजेक्टर और लैपटॉप जब्त किए हैं. हिंदू संगठनों की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की. आरोपियों पर भोले-भाले आदिवासियों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का आरोप है, जांच जारी है.

Advertisement
X
धर्मांतरण के आरोप मे चार गिरफ्तार (Photo: ITG)
धर्मांतरण के आरोप मे चार गिरफ्तार (Photo: ITG)

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में धर्मांतरण से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है. भीकनगांव थाना क्षेत्र के बमनाला में सेल्दा रोड पर भोले-भाले आदिवासियों को प्रलोभन देकर अन्य धर्म अपनाने के लिए एकत्रित किए जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की. इस दौरान धर्मांतरण करा रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया है. 

यह पूरा मामला उस समय उजागर हुआ जब हिंदू संगठनों ने पुलिस को सूचना दी कि बड़ी संख्या में लोगों को इकट्ठा कर धर्मांतरण की गतिविधियां की जा रही हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां स्थिति को लेकर हंगामा भी देखने को मिला. पुलिस बल की मौजूदगी में हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया और नाराजगी जताई.

आदिवासियों को प्रलोभन देकर धर्म बदलवाने का आरोप

थाना प्रभारी नीरज सारवान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया. पुलिस ने मौके से कई आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है, जिसमें ईसाई धार्मिक ग्रंथ, धर्मांतरण से जुड़ी किताबें, प्रोजेक्टर, लैपटॉप और एक रजिस्टर शामिल है, जिसमें समिति से जुड़ी जानकारी दर्ज थी. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राजू रूपसिंह बडोले निवासी बमनाला, पंकज रमेश बारिया निवासी मेहंदीखेड़ा जिला झाबुआ, बबलू पिता वेरला जमरे निवासी झिरन्या और सेतु पिता कनु मेढा निवासी उमरिया जिला झाबुआ शामिल हैं. इन सभी के खिलाफ धर्मांतरण से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है.

Advertisement

पुलिस कर रही जांच, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश

इस मामले को लेकर एडिशनल एसपी बिट्टू सहगल ने बताया कि भीकनगांव पुलिस को सूचना मिली थी कि बमनाला पुलिस चौकी क्षेत्र के सेल्दा रोड पर एक स्थान पर धर्मांतरण की गतिविधियां चल रही हैं. सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की.  जांच के दौरान कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है. वहीं स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर तनाव की स्थिति भी बनी रही, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखा. फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं और यह गतिविधियां कितने समय से चल रही थीं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement