scorecardresearch
 

बाइक चोरी कर भाग रहा था चोर, GPS ट्रैकर ने भेजा अलर्ट, फिर...

इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में एक बाइक चोरी की कोशिश जीपीएस ट्रैकर की वजह से नाकाम हो गई. निजी अस्पताल की पार्किंग से बाइक चोरी कर भागे आरोपी को मोबाइल ऐप से लोकेशन ट्रैक कर लिया गया. पीछा किए जाने पर आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गया. पुलिस अब सीसीटीवी और वीडियो के आधार पर जांच कर रही है.

Advertisement
X
जीपीएस अलर्ट से तुरंत ट्रैक हुई चोरी की बाइक. (Photo: Screengrab)
जीपीएस अलर्ट से तुरंत ट्रैक हुई चोरी की बाइक. (Photo: Screengrab)

इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की एक कोशिश उस समय नाकाम हो गई जब बाइक में लगा जीपीएस ट्रैकर चोर के मंसूबों पर भारी पड़ गया. यह घटना जेटीपी अस्पताल की पार्किंग में हुई, जहां एक अज्ञात आरोपी ने मौका देखकर बाइक चोरी कर ली और फरार हो गया. जानकारी के अनुसार आरोपी ने अस्पताल परिसर की पार्किंग में खड़ी बाइक को निशाना बनाया. सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि उसने कुछ ही मिनटों में बाइक का लॉक तोड़ा और उसे लेकर वहां से निकल गया. चोरी के बाद वह बाइक को तेजी से लेकर भागने लगा.

लेकिन बाइक मालिक ने सुरक्षा के लिए पहले से ही अपनी गाड़ी में जीपीएस ट्रैकर लगाया हुआ था. जैसे ही बाइक चुराई गई और आरोपी आगे बढ़ा, मोबाइल ऐप पर तुरंत लोकेशन अलर्ट मिल गया. इसके बाद मालिक ने बिना समय गंवाए बाइक की लोकेशन ट्रैक करनी शुरू कर दी और उसका पीछा शुरू कर दिया.

अस्पताल की पार्किंग से बाइक चोरी की कोशिश

थोड़ी दूरी तक पीछा करने के दौरान आरोपी एक साथी के साथ बाइक को खींचकर ले जाता हुआ भी दिखाई दिया. लेकिन पीछा होते देख आरोपी घबरा गया और पकड़े जाने के डर से बाइक को बीच रास्ते में छोड़कर फरार हो गया. इसके बाद बाइक मालिक ने अपनी गाड़ी सुरक्षित वापस हासिल कर ली.

इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में आरोपी को बाइक ले जाते और बाद में उसे छोड़कर भागते हुए साफ देखा जा सकता है. इस वीडियो ने चोरी की घटना को और भी चर्चा में ला दिया है. पुलिस ने वायरल वीडियो को जांच में शामिल कर लिया है और फरियादी से संपर्क किया है. मामले में शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और चोरी का मामला दर्ज किया जा रहा है. पुलिस अब आरोपी की पहचान में जुटी है.

Advertisement

CCTV और वीडियो से पुलिस जांच में जुटी

एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने एक बार फिर दिखाया है कि तकनीक की मदद से अपराध पर रोक लगाई जा सकती है. जीपीएस ट्रैकर की वजह से जहां बाइक चोरी होने से बच गई, वहीं पुलिस को जांच में भी अहम सुराग मिले हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement