इंदौर की सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामे का वीडियो सामने आया है. यहां बीच सड़क बेल्ट चली, मोबाइल जमीन पर पटका गया और देखते ही देखते भीड़ जुट गई. वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने महिला के साथ मारपीट करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच कर रही है.
मामला इंदौर के विजयनगर थाना क्षेत्र का है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक व्यक्ति बीच सड़क पर एक महिला के साथ बेल्ट से मारपीट करता दिखाई दे रहा है. वीडियो में वह महिला का मोबाइल फोन भी छीनकर जमीन पर पटकता नजर आता है. घटना के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन हंगामा काफी देर तक चलता रहा.
यहां देखें Video
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना पति, पत्नी और महिला के एक परिचित के बीच विवाद से जुड़ी बताई जा रही है. लोगों का कहना है कि महिला एक्टिवा से जा रही थी, तभी एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंच गया और विवाद शुरू हो गया. हालांकि, पुलिस ने पूरे मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: पति-पत्नी और प्रेमी के बीच हो रही थी लड़ाई, सुलह कराने पहुंचा हवलदार तो कर दी पिटाई
वायरल हो रहे वीडियो में एक व्यक्ति महिला पर बेल्ट से हमला करने की कोशिश करता दिखाई देता है. वह कहता है कि इसने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी. 12 साल बर्बाद कर दिए और ये इसके साथ घूम रही है. इसी दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है. कई लोग मौके पर मौजूद रहते हैं, लेकिन बड़ी संख्या में लोग पूरी घटना का वीडियो बनाते नजर आते हैं.
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद विजय नगर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. शुरुआत में किसी भी पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी.
इसी बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महेश को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी सार्वजनिक जगह पर हंगामा कर रहा था और एक महिला पर बेल्ट से हमला कर रहा था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया. विजयनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक्शन लेते हुए उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया.
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक जगह पर कानून हाथ में लेने, शांति भंग करने या महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. एसीपी पराग सैनी ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की गई है. मामले से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है. अगर जांच में अन्य कोई तथ्य सामने आते हैं, तो उनके आधार पर कार्रवाई होगी.