scorecardresearch
 

पति की मौत के अगले दिन 200 से ज्यादा कॉल, फिर खुल गई हत्या की पूरी साजिश, जानें पूरा मामला

छतरपुर में 16 साल पुराने वैवाहिक रिश्ते का दर्दनाक अंत सामने आया. पन्ना निवासी संजय मिश्रा के लापता होने के बाद उनका शव जंगल में मिला. पुलिस जांच में पत्नी के कथित प्रेम संबंधों का एंगल सामने आया. पुलिस ने पत्नी, उसके कथित प्रेमी और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

Advertisement
X
कॉल डिटेल से खुली हत्या की गुत्थी तीन गिरफ्तार. (Photo: ITG)
कॉल डिटेल से खुली हत्या की गुत्थी तीन गिरफ्तार. (Photo: ITG)

मध्य प्रदेश के छतरपुर में एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है जिसने रिश्तों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. 16 साल पहले जिस महिला ने अपने पति के साथ सात फेरे लिए थे, उसी पर अब पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप है. पुलिस के अनुसार, कथित प्रेम संबंधों में पति के बाधा बनने पर पत्नी ने अपने कथित प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई. हत्या के बाद शव को निर्माणाधीन पुल के पास जंगल में फेंक दिया गया, लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया.

मामला पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र के नारायणपुरा गांव निवासी संजय मिश्रा का है. पुलिस के अनुसार, संजय मिश्रा 1 जुलाई को अचानक लापता हो गए थे. परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब उनका कोई पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई. गुमशुदगी दर्ज होने के बाद किशनगढ़ थाना पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाश शुरू की.

तलाशी अभियान के दौरान अमानगंज रोड पर निर्माणाधीन पुल के पास जंगल में संजय मिश्रा का शव बरामद हुआ. घटनास्थल से कुछ दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल भी लावारिस हालत में खड़ी मिली. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

निर्माणाधीन पुल के पास जंगल में मिला शव

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में विशेष जांच टीम का गठन किया गया. टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, लोकेशन और परिजनों से मिली जानकारी की गहराई से जांच की.

Advertisement

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मृतक की पत्नी अनीता मिश्रा और किशनगढ़ थाना क्षेत्र के नगदा गांव निवासी विनोद यादव के बीच कथित प्रेम संबंधों की जानकारी सामने आई. पुलिस का दावा है कि घटना के अगले दिन दोनों के बीच 200 से अधिक बार फोन पर बातचीत हुई. कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्य जांच की सबसे अहम कड़ी बने और शक की दिशा बदल गई.

इसके बाद पुलिस ने अनीता मिश्रा से पूछताछ की. पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के मिलान और पूछताछ के दौरान पूरी साजिश सामने आ गई. जांच में यह बात सामने आई कि पति संजय मिश्रा कथित प्रेम संबंधों में बाधा बन रहे थे. इसी वजह से उनकी हत्या की योजना बनाई गई.

पुलिस के अनुसार, अनीता मिश्रा ने अपने कथित प्रेमी विनोद यादव और उसके साथी सतीश यादव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया. जानकारी के अनुसार, अनीता ने अपने पति को मायके की एक रिश्तेदारी में शादी समारोह में भेजा. रास्ते में जंगल में सुनियोजित तरीके से उनकी हत्या कर दी गई. इसके बाद शव को निर्माणाधीन पुल के पास फेंक दिया गया ताकि मामला सामान्य घटना या गुमशुदगी जैसा लगे.

हालांकि पुलिस की लगातार जांच, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आगे आरोपियों की पूरी योजना सामने आ गई. किशनगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी अनीता मिश्रा, कथित प्रेमी विनोद यादव और उसके सहयोगी सतीश यादव को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

तीनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं. तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement