भारतीय रेलवे को एक नई पहचान देने के लिए शुरू की जा रही तेजस एक्सप्रेस मार्च महीने में लाॅन्च की जाएगी. रेल मंत्री सुरेश प्रभु के मुताबिक तेजस ट्रेन के कोच अगले 2 महीनों में बनकर तैयार हो जाएंगे.
तेजस ट्रेन को भारतीय रेलवे की नई पहचान का सिंबल बनाने के लिए इसके डिब्बों को अलग तरीके से डिजाइन किया जा रहा है. साथ ही इसमें 22 तरह की नई सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं.
रेल मंत्री सुरेश प्रभु की पहल पर तेजस ट्रेन में परोसे जाने वाला खाना कुछ खास होगा. रेल मंत्री का कहना है की तेजस ट्रेन का सफर महज 4 से 6 घंटे का होगा और भारतीय रेलवे को यह ट्रेन एक नई पहचान देगा, लिहाजा इसका खाना लजीज होना चाहिए.
अपनी इस कवायद में रेलमंत्री ने जाने-माने शेफ संजीव कपूर को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है कि वह तय करें ट्रेन में किस तरह का खाना परोसा जाए. इसके लिए संजीव कपूर अपनी तैयारी कर रहे हैं और वह जल्द ही तेजस ट्रेन के मेन्यू को तय करके रेल मंत्री सुरेश प्रभु की सहमति लेंगे.
तेजस ट्रेन देश भर में 3 रेलवे रूट पर चलेगी. इसमें वाई-फाई, सीसीटीवी, एलईडी स्क्रीन, ऑन डिमांड एंटरटेनमेंट, काफी-चाय ऑटोमेटिक मशीन जैसी 22 नई सुविधाएं होंगी.