Lauki Pakoda Recipe: लौकी की सब्जी नहीं पसंद! बना लें इसका क्रिस्पी पकौड़ा, स्वाद ऐसा कि हर कोई पूछेगा रेसिपी
Lauki Pakoda Recipe: अगर आप शाम की चाय के साथ कुछ टेस्टी और कुरकुरा खाना चाहते हैं तो लौकी के क्रिस्पी पकौड़े एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकते हैं. ये पकौड़े स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ बनाने में भी काफी आसान है. आज हम आपको इसे बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.
Lauki Pakoda Recipe: शाम की चाय के साथ गरमा-गरम और कुरकुरे पकौड़े मिल जाएं तो दिनभर की थकान भी दूर हो जाती है. वैसे तो पकौड़े कई तरह के होते हैं जैसे, आलू, प्याज, पनीर, पालक, लौकी आदि. आज हम आपको लौकी के क्रिस्पी पकौड़े बनाना बताएंगे, जिन्हें आप बेहद आसानी से घर पर बना सकते हैं. ये पकौड़े खाने में टेस्टी होने के साथ-साथ हेल्दी भी होते हैं. इनका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि लौकी की सब्जी न पसंद करने वाले भी इन्हें मांग-मांग कर खाएंगे. तो आइए जानते हैं कि लौकी का क्रिस्पी पकौड़ा कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
इंग्रेडिएंट्स (ingredients)
1 मीडियम साइज लौकी
1 कप बेसन
2 बड़े चम्मच चावल का आटा या सूजी
1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
1-2 बारीक कटी हुई हरी मिर्च
½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
चम्मच लाल मिर्च पाउडर (स्वादानुसार)
½ छोटा चम्मच धनिया पाउडर
½ छोटा चम्मच जीरा
½ छोटा चम्मच सौंफ
2 बड़े चम्मच बारीक कटा हुआ हरा धनिया
नमक स्वादानुसार
तलने के लिए तेल
लौकी पकौड़ा बनाने के लिए सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह धोकर उसके दोनों किनारे काट लें और छिलका उतार दें. अब लौकी को कद्दूकस कर लें या फिर पतले गोल स्लाइस में काट लें.
इसके बाद लौकी को हल्के नमक वाले पानी में करीब 5 मिनट तक भिगोकर रखें. फिर पानी से निकालकर 2 मिनट के लिए अलग रख दें ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए.
अब एक बड़े बाउल में बेसन और चावल का आटा या सूजी डालें. इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट, बारीक कटी हरी मिर्च, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, जीरा, सौंफ और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें.
फिर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा और स्मूद बैटर तैयार करें. ध्यान रखें कि बैटर ज्यादा पतला न हो, ताकि वह लौकी पर अच्छी तरह चिपक सके. आखिर में बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिक्स कर लें.
अब मीडियम गैस पर कड़ाही में तेल डालकर गरम करें. लौकी के स्लाइस को तैयार बैटर में डुबोकर गरम तेल में डालें. पकौड़ा को पलटते हुए दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन और क्रिस्पी होने तक तल लें.
तैयार पकौड़ा को टिश्यू पेपर या किचन टॉवल पर निकालें, ताकि जो ज्यादा तेल हो वह निकल जाए. इसके बाद इन्हें हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ गरमागरम परोसें.