scorecardresearch
 

सज्जन कुमार को 'रोल मॉडल' बताने पर कांग्रेस में बवाल, दीपेंद्र हुड्डा को हटाने की मांग, पूर्व स्पीकर ने खड़गे को लिखा पत्र

सज्जन कुमार को कथित तौर पर ‘रोल मॉडल’ बताने के मामले में दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ अब कांग्रेस के भीतर से ही कार्रवाई की मांग उठ रही है. कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखा है.

Advertisement
X
पत्र के सामने आने के बाद हरियाणा कांग्रेस के भीतर इस मुद्दे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. (Photo: X/@INC)
पत्र के सामने आने के बाद हरियाणा कांग्रेस के भीतर इस मुद्दे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. (Photo: X/@INC)

सिख विरोधी दंगों के दोषी दिवंगत कांग्रेस नेता सज्जन कुमार को कथित तौर पर ‘रोल मॉडल’ बताने के मामले में सांसद दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ अब कांग्रेस के भीतर से ही कार्रवाई की मांग उठने लगी है.

हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुलदीप शर्मा ने इस संबंध में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखा है.

पत्र में उन्होंने रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. कुलदीप शर्मा ने मांग की है कि दीपेंद्र हुड्डा को कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) से बाहर किया जाए.

उन्होंने पार्टी नेतृत्व के समक्ष इस मामले को गंभीरता से लेने की अपील की है. इस पत्र के सामने आने के बाद हरियाणा कांग्रेस के भीतर इस मुद्दे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. 

पत्र में कहा गया है कि जब से दीपेंद्र हुड्डा ने सज्जन कुमार को एक रोल मॉडल बताते हुए एक बयान दिया है, तब से भारत के सिख समुदाय में नाराजगी और हैरानी है. हरियाणा और पंजाब में मेरे कुछ सिख दोस्तों ने इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना बयान पर अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए मुझे फोन किया है.

Advertisement

किसान आंदोलन के बाद सिख समुदाय ने देश में कांग्रेस को भारी समर्थन दिया था, लेकिन ऐसे बयान के बाद अब यह समुदाय कांग्रेस पार्टी का समर्थन करने के बारे में पुनर्विचार कर रही है. विपक्षी पार्टियां राजनीतिक फायदे के लिए इस मुद्दे को उठा रही हैं.

पत्र में आगे लिखा है कि पंजाब चुनाव से ठीक पहले दीपेंद्र हुड्डा के इस बयान ने न केवल पार्टी के हितों को नुकसान पहुंचाया है, बल्कि उस समुदाय के जख्मों को भी फिर से हरा कर दिया है. कांग्रेस पार्टी ने सज्जन कुमार से पूरी तरह किनारा कर लिया था.

इसलिए, आम जनता का एक बड़ा वर्ग यह महसूस करता है कि फिर से खुले इन जख्मों को भरने के लिए दीपेंद्र हुड्डा को CWC से हटा दिया जाना चाहिए. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement