चिलचिलाती गर्मी जब लोगों को परेशान करती है, तो लोग बारिश का इंतजार करते हैं. बेचैन कर देने वाली गर्मी के बीच जब बारिश की फुहार आती है, तो मौसम बहुत सुहाना हो जाता है. ये बारिश जितना मन को सुकून देती है, उतनी ही परेशानी भी लाती है. बारिश के मौसम में होने वाली परेशानियों में कपड़े धोने और सुखाने में होने वाली दिक्कत भी शामिल है.
बरसात में कपड़े सूखने में बहुत समय लगता है. कई बार तो कपड़े को बाहर और घर के अंदर दोनों जगह देर तक सुखाने के बाद भी वो ढंग से सूख नहीं पाते हैं. इसका नतीजा ये होता है कि उनमें सीलन की बदबू बस जाती है. ऐसे कपड़े पहनने का बिल्कुल भी मन नहीं करता और अगर कोई उन्हें पहन भी ले तो भी पूरे दिन परेशान रहता है. अगर आपके साथ भी हर मॉनसून में यही समस्या होती है, तो परेशान ना हों. आज हम आपको कुछ आसान आदतें बताने वाले हैं, जिन्हें अपनाकर आप अपने कपड़ों को लंबे समय तक साफ, ताजा और खुशबूदार रख सकते हैं. इनसे कपड़ों में से सीलन की बदबू तुरंत गायब हो जाएगी.
आखिर बारिश में कपड़ों से बदबू क्यों आने लगती है?
मॉनसून में हवा में नमी काफी बढ़ जाती है. इसकी वजह से कपड़े जल्दी नहीं सूखते और उनमें हल्की नमी बनी रहती है. यही नमी बैक्टीरिया और फंगस के पनपने का कारण बनती है, जिससे कपड़ों से सीलन जैसी बदबू आने लगती है. अगर ऐसे कपड़ों को कोई गलती से अलमारी में रख दे, तो ये बदबू और भी ज्यादा बढ़ सकती है.
1. कपड़ों को पूरी तरह सूखने के बाद ही रखें: बारिश के मौसम में अगर आप चाहते हैं कि कपड़ों से बदबू ना आए तो सबसे जरूरी बात है कि कपड़ों में जरा-सी भी नमी न रहे. अगर धूप नहीं निकल रही है, तो गीले कपड़ों को पंखे, एग्जॉस्ट फैन या एसी के ड्राई मोड की मदद से अच्छी तरह सुखाएं. पूरी तरह सूखे कपड़ों में बदबू आने की संभावना काफी कम हो जाती है.
2. धोते समय सफेद सिरके का करें इस्तेमाल: कपड़ों को धोते समय आखिरी बार पानी से निकालने से पहले उसमें आधा कप सफेद सिरका मिला सकते हैं. इससे कपड़ों में मौजूद बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया कम होते हैं. इसके साथ ही कपड़ों में जो डिटर्जेंट बच जाता है उसका का असर भी साफ हो जाता है. ऐसे में सफेद सिरका डालने से कपड़े ज्यादा फ्रेश महसूस होते हैं.
3. अलमारी को भी रखें सूखा: अगर आपकी अलमारी के अंदर नमी रहती है, तो साफ कपड़ों में भी कुछ दिनों बाद बदबू आने लगती है. इसलिए समय-समय पर अलमारी के दरवाजे खोलकर हवा लगने दें. चाहें तो अंदर कपूर, सिलिका जेल पैक या सूखी नीम की पत्तियां भी रख सकते हैं. इससे नमी और बदबू दोनों कम होती हैं.
4. वॉशिंग मशीन में गीले कपड़े न छोड़ें: कई लोग कपड़े धुलने के बाद भी घंटों तक उन्हें मशीन में ही पड़े रहने देते हैं. इससे कपड़ों में सीलन की बदबू आने लगती है. ऐसे में कोशिश करें कि जैसे ही कपड़े धुल जाएं और ड्रायर मोड पर सूख जाएं, तो कपड़ों को तुरंत बाहर निकालकर फैला दें. ताकि वे जल्दी सूख जाएं.
5. हल्के फैब्रिक फ्रेशनर का लें सहारा: अगर लगातार बारिश की वजह से कपड़े देर से सूख रहे हैं, तो उनमें हल्की खुशबू वाले फैब्रिक फ्रेशनर का इस्तेमाल कर लें. ऐसे प्रोडक्ट चुनें जो कपड़ों को फ्रेशनेस दें, लेकिन फैब्रिक को नुकसान न पहुंचाएं.
छोटी-सी आदतें रखेंगी कपड़ों को हमेशा फ्रेश
बारिश के मौसम में कपड़ों की बदबू से बचना मुश्किल नहीं है. बस उन्हें अच्छी तरह सुखाएं, अलमारी को सूखा रखें और गीले कपड़ों को ज्यादा देर तक इकट्ठा न छोड़ें. ये छोटी-छोटी आदतें पूरे मॉनसून में आपके कपड़ों को साफ, फ्रेश और पहनने लायक बनाए रखेंगी.