भारत में मॉनसून दस्तक दे चुका है. पूरे देश में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश हो रही है. इस मौसम ने गर्मी से थोड़ी राहत दी है. ये मौसम जितना सुहाना लगता है, उतनी ही मुश्किलें भी साथ लेकर आता है. बारिश होने की वजह से जगह-जगह पानी भर जाता है, जिसके कारण लोगों को बाहर निकलना बहुत झंझटभरा काम लगता है. बारिश में सिर्फ कपड़े ही नहीं, बल्कि लोगों के महंगे-महंगे जूते और चप्पल भी भीग जाते हैं. जूते-चप्पलों का भीगना लोगों के लिए बहुत बड़ा सिरदर्द बन जाता है.
ऐसे में ऑफिस, कॉलेज या किसी जरूरी काम से बाहर निकलते समय लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी जूतों और चप्पलों के भीगने की वजह से होती है. गीले जूते पूरे दिन पहनने से पैरों में बदबू, खुजली, फंगल इंफेक्शन और अन्य स्किन इंफेक्शन हो सकते हैं. उस वक्त समझ नहीं आता कि आखिर ऐसा क्या किया जाए जिससे जूते-चप्पलों को बारिश में भीगने से बचाया जा सकता है. अगर आप भी इसी सोच में हैं, तो परेशान ना हों. आज हम कुछ आसान ट्रिक्स लेकर आए हैं, जिनकी मदद से आप जूते-चप्पलों को बारिश के पानी से बचा सकते हैं.
1. पॉलिथीन बैग से जूतों को रखें सुरक्षित: अगर आपको ना चाहते हुए भी बारिश में बाहर निकलना पड़ता है, तो मॉनसून में हमेशा अपने बैग में एक-दो बड़े पॉलिथीन बैग हमेशा रखें. अगर आपके बाहर निकलते ही अचानक बारिश शुरू हो जाए, तो जूतों को पॉलिथीन से ढक लें. इससे पानी सीधे जूतों तक नहीं पहुंचेगा और कीचड़ लगने का खतरा भी कम हो जाएगा.
ये फ्री का उपाय अचानक होने वाली बारिश में आपके जूतों को काफी हद तक भीगने से बचा सकता है.
2. बारिश के मौसम में लेदर के जूते हो सकते हैं फायदेमंद: अगर सही देखभाल की जाए तो लेदर के जूते बारिश के मौसम में अच्छा ऑप्शन साबित हो सकते हैं. इन्हें पहनने से पहले वॉटरप्रूफ स्प्रे या लेदर कंडीशनर का इस्तेमाल कर लें. इससे जूतों पर एक सुरक्षा लेयर बन जाती है, जिसकी वजह से पानी के असर को कम करने में मदद मिलती है.
लेकिन अगर लेदर के जूते भीग जाएं, तो उन्हें धूप या आग के पास रखने की गलती न करें. ऐसा करने से लेदर फट सकता है. इसके साथ ही उसकी चमक भी खराब हो सकती है. इन्हें हमेशा ऐसे ही नॉर्मल टेंपरेचर पर धीरे-धीरे सूखने दें.
3. वैक्स पॉलिश से बनाएं जूतों पर प्रोटेक्शन लेयर: बारिश के मौसम में वैक्स पॉलिश आपके जूतों के लिए एक एक्स्ट्रा प्रोटेक्शन लेयर का काम करती है. ये जूतों की सतह पर ऐसी लेयर बना देती है, जिससे पानी अंदर जाने का चांस बहुत कम हो जाता है.
अगर आप इससे जूतों को प्रोटेक्ट करना चाहते हैं तो इसके लिए सबसे पहले जूतों को अच्छी तरह साफ कर लें. अगर कहीं छोटा-मोटा कट या छेद हो तो उसे ठीक कर लें. इसके बाद जूतों पर वैक्स पॉलिश लगाकर कुछ देर के लिए छोड़ दें. सूखने के बाद जूते बारिश का सामना करने के लिए काफी हद तक तैयार हो जाएंगे.
गीले जूतों को सही तरीके से सुखाना भी है जरूरी
अगर जूते भीग ही जाएं तो उन्हें लंबे समय तक ऐसे ही न छोड़ें. घर पहुंचते ही जूतों के अंदर अखबार भर दें. अखबार जूतों की एक्स्ट्रा नमी को सोख लेता है और जूतों को जल्दी सूखने में मदद करता है.
इस बात का भी ध्यान रखें कि हेयर ड्रायर या तेज गर्मी का इस्तेमाल करने से जूते खराब हो सकते हैं, इसलिए नेचुरल तरीके से सुखाना ही बेहतर रहता है.
पैरों की सफाई का भी रखें ध्यान
सिर्फ जूतों को सूखा रखना ही काफी नहीं है. बारिश के मौसम में पैरों को भी साफ और सूखा रखना बहुत जरूरी है. बाहर से आने के बाद पैरों को अच्छी तरह धोकर सुखाएं और जरूरत पड़ने पर एंटी-फंगल पाउडर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. इससे इंफेक्शन और बदबू की समस्या से बचा जा सकता है.