आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने बड़ा कदम उठाया है. बोर्ड की तरफ से अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास को वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है.
वनडे और टी20 दोनों फॉर्मेट में बांग्लादेशी टीम की बागडोर अब लिटन दास के हाथों में आ गई है. बोर्ड ने यह कदम हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज में मिली 2-1 की हार के बाद उठाया है.
क्यों बदला गया कप्तान?
जून 2025 में वनडे टीम की कमान संभालने वाले ऑलराउंडर मेहंदी हसन मिराज को करीब 12 महीने के कार्यकाल के बाद पद से हटा दिया गया है. मिराज की कप्तानी में बांग्लादेश ने 20 वनडे मुकाबलों में से 10 में जीत दर्ज की और 9 गंवाए. हालांकि, हालिया जिम्बाब्वे दौरे पर मिली हार ने बोर्ड को अपनी रणनीति पर दोबारा सोचने के लिए मजबूर कर दिया.
वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए बोर्ड व्हाइट-बॉल क्रिकेट में एक ही लीडरशिप के तहत टीम को आगे बढ़ाना चाहती है. ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि वनडे और टी20 में एक समान माइंडसेट अपनाई जा सके.
Congratulations, Litton Kumer Das! 🇧🇩 The new captain of the Bangladesh ODI team. pic.twitter.com/nWTUWYumiO
— Bangladesh Cricket (@BCBtigers) July 29, 2026
लिटन दास के पास है कप्तानी का अनुभव
लिटन दास पहले से ही टी20 फॉर्मेट में बांग्लादेश की कप्तानी कर रहे हैं. वनडे क्रिकेट में भी वह कार्यवाहक कप्तान के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं, जहां उनकी अगुआई में टीम ने 7 मैचों में से 3 में जीत हासिल की है. अब नियमित कप्तान के रूप में उन पर अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ टीम के प्रदर्शन में निरंतरता लाने का दबाव होगा.
टेस्ट की कप्तानी करेंगे शांतो
इस बदलाव के बाद बांग्लादेश क्रिकेट में कप्तानी करने वाले अब दो खिलाड़ी हो गए हैं. नजमुल हुसैन शांतो टेस्ट में कप्तानी की कमान संभालेंगे तो वहीं लिटन दास वनडे और टी20 में टीम को आगे बढ़ाने का काम करेंगे.
ऐसा रहा है दास का करियर
लिटन दास पिछले 11 सालों से बांग्लादेश के लिए तीनों फॉर्मेट में क्रिकेट खेल रहे हैं. इस दौरान उन्होंने 54 टेस्ट मैचों की 94 पारियों में 36.47 की औसत से 3,356 रन बनाए हैं, जिसमें 6 शतक और 20 अर्धशतक शामिल हैं. वहीं वनडे क्रिकेट में उन्होंने 104 मैचों (103 पारियां) में 30.84 की औसत से 2,869 रन दर्ज किए हैं, जिसमें उनके नाम 5 शतक और 14 अर्धशतक हैं.
बात करें टी20 इंटरनेशनल की तो उन्होंने 122 मैचों की 120 पारियों में 23.49 की औसत और 126.79 के स्ट्राइक रेट से 2,703 रन बनाए हैं, जिसमें 16 अर्धशतक शामिल हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर 83 रन रहा है.