How to Clean Kitchen Sink: किचन की सफाई में सबसे मुश्किल काम होता है सिंक को साफ रखना. दिनभर के जूठे बर्तन, तेल, घी और खारे पानी की वजह से स्टील की सिंक अपनी चमक खो देती है और उस पर काले-सफेद जिद्दी दाग जमा हो जाते हैं. कई बार इन्हें रगड़-रगड़कर साफ करने के बाद भी वो पुरानी चमक वापस नहीं आता और हाथ अलग से थक जाते हैं.
अगर आपके घर की किचन सिंक भी महीनों पुरानी गंदगी के कारण काली और बेजान दिख रही है तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. महंगे क्लीनर और घंटों की मेहनत के बिना भी सिंक को शीशे की तरह चमकाया जा सकता है. आज हम आपको कुछ ऐसे आसान हैक्स बताएंगे जिससे आपकी सिंक न सिर्फ चमक उठेगी बल्कि उसमें से आने वाली बदबू और कीड़े भी हमेशा के लिए गायब हो जाएंगे.
बेकिंग सोडा और नींबू का कमाल: सबसे पहले पूरी सिंक पर अच्छी तरह से बेकिंग सोडा छिड़क दें. अब एक नींबू को आधा काटें और उसे सिंक पर रगड़ें. दोनों के बीच होने वाले रिएक्शन से सिंक पर जमी काली परत और चिकनाई तुरंत ढीली हो जाएगी. 5 मिनट बाद स्क्रबर से हल्के हाथों से साफ कर पानी से धो लें.
सफेद सिरका और लिक्विड सोप: अगर सिंक पर खारे पानी के सफेद जिद्दी दाग हैं, तो सफेद सिरके को एक स्प्रे बोतल में भर लें. इसे सिंक पर स्प्रे करें और 10 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद बर्तन धोने वाले लिक्विड सोप को स्क्रबर पर लगाकर साफ करें, सिंक नए जैसी चमकने लगेगी.
नमक और तारपीन का तेल (या थिनर): अगर सिंक में जंग के दाग लग गए हैं या पीलापन आ गया है, तो थोड़े से नमक में कुछ बूंदें तारपीन के तेल की मिलाएं और इसे दाग वाली जगह पर रगड़ें. इससे पुराना से पुराना दाग भी आसानी से छूट जाता है.
टिप: सिंक को धोने के बाद एक सूखे कपड़े से जरूर पोंछें और उस पर दो बूंद नारियल का तेल लगाकर फैला दें. इससे पानी की बूंदें सिंक पर टिकेंगी नहीं और सफेद दाग नहीं पड़ेंगे.