सोना, चांदी, देसी घी और सरसों का तेल, ये कुछ ऐसी चीजें हैं जो हर भारतीय घर का हिस्सा हैं. लेकिन बाजार में बढ़ते मिलावट के दौर में यह पहचानना मुश्किल हो जाता है कि जो चीज हम खरीद रहे हैं, वह 100 प्रतिशत असली है भी या नहीं? अक्सर लोग सोशल मीडिया पर या बुजुर्गों से सुनकर कई तरह के घरेलू नुस्खे आजमाते हैं. कोई कहता है कि बर्फ से चांदी की पहचान होती है तो कोई चुंबक से सोने को परखता है. लेकिन क्या इन नुस्खों के पीछे कोई ठोस वैज्ञानिक आधार है या यह सिर्फ सुनी-सुनाई बातें हैं?
साइंस और एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इनमें से कुछ टेस्ट पूरी तरह सटीक हैं जबकि कुछ के पीछे का लॉजिक थोड़ा अलग है. आइए जानते हैं कि कौन से टेस्ट पर आप आंख मूंदकर भरोसा कर सकते हैं और कहां आपको सावधान रहने की जरूरत है.
सोने पर चुंबक का टेस्ट कितना सही?
अक्सर लोग सोने के गहनों पर चुंबक (Magnet) घुमाकर देखते हैं और मानते हैं कि यदि सोना या उससे बनी जूलरी नहीं चिपकी तो सोना 100% असली है. इंटरनेशनल जेमोलॉजिकल इंस्टीट्यूट (IGI) और मेटल एक्सपर्ट्स के अनुसार, यह बात वैज्ञानिक रूप से काफी हद तक सही है. शुद्ध सोना एक नॉन-मैग्नेटिक मेटल है, यानी उसमें चुंबकीय गुण बिल्कुल नहीं होते.
यदि आपकी सोने की चैन या अंगूठी चुंबक की तरफ तेजी से खींच रही है तो इसका सीधा मतलब है कि उसमें लोहा, निकेल या कोबाल्ट जैसे सस्ते और भारी मेटल्स की मिलावट की गई है. हालांकि, एक्सपर्ट्स यह भी चेतावनी देते हैं कि यह टेस्ट पूरी तरह फुलप्रूफ नहीं है.
यदि सोने में तांबे या पीतल जैसी चीजें मिलाई गई हों तब भी चुंबक नहीं चिपकेगा. इसलिए चुंबक टेस्ट बेस मेटल्स को पकड़ने के लिए तो अच्छा है पर पूरी शुद्धता के लिए हॉलमार्क देखना ही सबसे बेस्ट है.
चांदी और बर्फ का क्या है असली कनेक्शन?
चांदी को लेकर एक मिथक है कि असली चांदी बर्फ से चिपक जाती है. लेकिन ज्वेलरी एक्सपर्ट्स और साइंटिफिक रिसर्च के मुताबिक, इसका असली लॉजिक चिपकना नहीं, बल्कि बर्फ का तेजी से पिघलना है. चांदी दुनिया में थर्मल कंडक्टिविटी यानी गर्मी और ठंडक को सबसे तेजी से ट्रांसफर करने वाला मेटल माना जाता है.
यदि आप असली चांदी के सिक्के या गहने पर बर्फ का एक टुकड़ा रखेंगे तो वह इतनी तेजी से पिघलना शुरू हो जाएगा जैसे आपने उसे किसी गर्म तवे या सीधे आंच पर रख दिया हो. यदि बर्फ सामान्य गति से पिघल रही है तो समझ जाइए कि चांदी में किसी अन्य सस्ते मेटल की भारी मिलावट की गई है. चांदी की शुद्धता जांचने का यह घरेलू तरीका विज्ञान की कसौटी पर बिल्कुल खरा उतरता है.
(Disclaimer: इस स्टोरी में बताए गए घरेलू नुस्खे केवल सामान्य जानकारी और प्राथमिक जांच के लिए हैं, इन्हें 100% सटीक नहीं माना जा सकता. सोने-चांदी की पूरी शुद्धता जांचने के लिए हमेशा सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त हॉलमार्किंग सेंटर या सर्टिफाइड ज्वेलर्स की मदद लें.)