House Cleaning Easy Tips: दादी-नानी के जमाने में घर की सफाई के लिए न तो महंगे क्लीनर होते थे और न ही हर काम के लिए अलग-अलग प्रोडक्ट. फिर भी घर हमेशा साफ-सुथरा और ऑर्गेनाइज्ड नजर आता था. ये बात जब भी जहन में आती है, तो एक सवाल जरूर उठता है कि आखिर वो ऐसा क्या करती थीं? अगर आपके मन में भी यही सवाल है कि वो कैसे घर को साफ-सुथरा रख पाती थीं, तो ये खबर आपके लिए है. दरअसल, घर को चमकाने के लिए उनके पास कुछ ऐसे आसान नियम थे, जिन्हें आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में भी अपनाया जा सकता है.
जी हां, आप दादी-नानी के जमाने के इन नियमों को अपनाकर आज भी अपने घर को बिना पैसे खर्च किए या बिना महंगे क्लीनर के भी साफ और चमकदार बना सकते हैं. खास बात ये है कि इन तरीकों में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती और इन्हें रोजमर्रा की आदतों में आसानी से शामिल किया जा सकता है. अगर आप भी चाहते हैं कि घर कम मेहनत में साफ और ऑर्गेनाइज्ड दिखे, तो दादी-नानी के बताए ये 5 पुराने लेकिन असरदार सफाई के तरीके आपके बहुत काम आ सकते हैं.
1. रात में सिंक में बर्तन छोड़कर न सोएं: दादी-नानी की सबसे आसान आदतों में से एक थी रात को सोने से पहले रसोई को पूरी तरह से समेटना. सिंक में रातभर गंदे बर्तन पड़े रहने से सुबह उठते ही रसोई ही नहीं, बल्कि पूरा घर बिखरा हुआ नजर आता है. इसलिए कोशिश करें कि सोने से पहले बर्तन धोकर या डिशवॉशर में लगाकर किचन साफ कर लें. सुबह उठते ही साफ रसोई आपके काम को हल्का करती है.
2. रोज सुबह बेड जरूर ठीक करें: सुबह उठकर बेड बनाना भले ही छोटा सा काम लगे, लेकिन इससे पूरा कमरा ऑर्गेनाइज्ड दिखाई देने लगता है. दादी-नानी के जमाने से ही बच्चों को सुबह अपना बिस्तर ठीक करने की आदत डाली जाती रही है. अगर आपके पास पूरे घर की सफाई करने का समय नहीं है, तो कम से कम बेड जरूर ठीक कर लें. साफ चादर, ठीक से रखा तकिया और सही ढंग से रखा कंबल कमरे को तुरंत साफ-सुथरा लुक देते हैं.
3. सफाई हमेशा ऊपर से नीचे की तरफ करें: ये दादी का ऐसा नियम है जिसे आज भी सफाई करते समय याद रखना चाहिए. धूल झाड़ते या सामान साफ करते समय ऊपर से शुरुआत करें और धीरे-धीरे नीचे की तरफ आएं. अगर आप पहले टेबल या फर्श साफ कर देंगे और बाद में ऊपर की अलमारी या पंखे की धूल झाड़ेंगे, तो सारी धूल दोबारा नीचे गिर जाएगी. इससे आपकी मेहनत भी बेकार जाएगी. इसलिए पहले पंखे, ऊंची अलमारी और खिड़कियां साफ करें और आखिर में फर्श की सफाई करें.
4. साल में दो बार घर की जरूरी चीजें जरूर साफ करें: घर में कुछ काम ऐसे होते हैं, जिन्हें रोज या हर हफ्ते करने की जरूरत नहीं होती. इन्हें साल में एक-दो बार किया जा सकता है. दादी की इस आदत को आप मौसम बदलने के साथ जोड़ सकते हैं. जैसे साल में दो बार गद्दे और कालीन की दिशा बदलना, पर्दे और रग्स की अच्छी तरह सफाई करना या लंबे समय से साफ न की गई चीजों को फिर से सही ढंग से रखना बहुत जरूरी है. इससे घर की सफाई का सारा काम एक साथ सिर पर नहीं पड़ता है.
5. पुरानी मैगजीन और बेकार सामान जमा न करें: घर को साफ रखने का एक बड़ा राज है गैरजरूरी सामान को जमा न करना. दादी-नानी अक्सर पुरानी चीजों को लंबे समय तक संभालकर रखने के बजाय जरूरत के हिसाब से उन्हें घर से हटा देती थीं. अगर घर में पुराने अखबार, मैगजीन, बेकार कागज या ऐसी चीजें जमा हो रही हैं, जिनका इस्तेमाल लंबे समय से नहीं हुआ है, तो उन्हें छांट लें. जितना कम सामान घर में फैला होगा, घर को साफ और ऑर्गेनाइज रखना उतना ही आसान होगा.