How To Reuse Rajma: जब भी घर में छोले या राजमा जैसी चीजें बनती हैं, तो अक्सर थोड़ा ज्यादा ही बन जाती हैं. खासकर राजमा का तो ये हाल रहता है कि एक बार बन गया, तो दो दिन तक उसका पीछा नहीं छूटता. राजमा वेस्ट न हो, इसी सोच के चलते कई महिलाएं अगले दिन भी वही राजमा-चावल सबके सामने परोस देती हैं. जैसे ही सबको पता चलता है कि खाने में आज फिर वही राजमा है, तो खाने का मूड अपने आप थोड़ा सा डाउन हो जाता है. कोई नाक-मुंह बनाता है, कोई कह देता है 'कुछ और नहीं है क्या?'. अगर आपके घर में भी ऐसा ही होता है, तो ये खबर आपके लिए है.
दरअसल, बचे हुए राजमा को फेंकने या फिर जबरदस्ती वही दोहराने की जरूरत नहीं है. थोड़ी सी समझदारी और थोड़ी सी क्रिएटिविटी से आप उसी राजमा को नए, टेस्टी और मजेदार लंच ऑप्शंस में बदल सकते हैं. अच्छी बात ये है कि ऐसा करने से आपका प्रोटीन से भरपूर राजमा वेस्ट होने से भी बचेगा और घरवाले उसे खुशी-खुशी चाव से खा भी लेंगे. चलिए जानते हैं, बचे हुए राजमा को इस्तेमाल करने के 8 आसान और मजेदार तरीके.
1. राजमा पराठा: आप बचे हुए राजमा से टेस्टी पराठा बना सकते हैं. ये बनाने के लिए बचे हुए राजमा को हल्का मैश करें. इसमें प्याज, हरी मिर्च और मसाले मिलाकर आटे में भर दें. तवे पर सेंकें और दही या अचार के साथ सर्व करें. ये बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगा.
2. राजमा चाट: राजमा अपने आप में एक फुलफिलिंग डिश है. अगर पिछले दिन इसे खाकर आपका पेट भारी हो रहा है और आप कुछ हल्का खाना चाहते हैं तो राजमा चाट बेस्ट ऑप्शन है. ये हल्की होने के साथ ही चटपटी भी है. उबले राजमा में प्याज, टमाटर, नींबू का रस, चाट मसाला और हरी चटनी मिलाएं. ऊपर से थोड़ा दही डालें और मजा लें.
3. राजमा पुलाव: बचे हुए राजमा को जीरा राइस या वेज पुलाव में डालकर आप राजमा पुलाव बना सकते हैं. इससे पुलाव ज्यादा स्वादिष्ट और पेट भरने वाला बन जाता है. ये बच्चों को टिफिन में देने के लिए भी बढ़िया ऑप्शन है.
4. राजमा टिक्की: आप राजमा को टिक्की के रूप में भी बनाकर खा सकते हैं. राजमा को उबले आलू और मसालों के साथ मैश करें. टिक्की का शेप देकर हल्का सा तल लें. इसे हरी चटनी या सॉस के साथ खाया जा सकता है.
5. राजमा सैंडविच: राजमा को हल्का सा मैश करके उसमें मक्खन, काली मिर्च और हर्ब्स मिलाएं. इस मिश्रण को ब्रेड के बीच भरकर सैंडविच बनाएं. बच्चों के टिफिन के लिए बढ़िया और हेल्दी चॉइस है.
6. राजमा सूप: आप राजमा का सूप बनाकर भी खा सकते हैं. अगर कुछ हल्का और रिलैक्सिंग खाना चाहते हैं तो राजमा सूप ट्राई करें. राजमा को ब्लेंड करके उसमें लहसुन, जीरा और वेज स्टॉक मिलाकर उबालें. ठंड के मौसम में यह सूप बहुत अच्छा लगता है.
7. राजमा डोसा या चिल्ला फिलिंग: आप राजमा को डोसा या बेसन चिल्ला की फिलिंग के तौर पर भी इस्तेमाल कर सकते हैं. आप डोसा या चिल्ला बनाकर उसके अंदर मसालेदार राजमा भर सकते हैं.
8. राजमा रैप या टैको: राजमा को प्याज और शिमला मिर्च के साथ हल्का भून लें. इसे रोटी या टॉर्टिला में भरकर रैप बना लें. फ्यूजन खाने के शौकीनों के लिए परफेक्ट ऑप्शन.