scorecardresearch
 

Ragi Cookies Recipe: मैदा-चीनी छोड़िए! रागी के आटे और गुड़ से घर पर बनाएं बेकरी जैसी क्रिस्पी कुकीज, रेसिपी है आसान

Ragi Cookies Recipe: अगर आप चाय या कॉफी के साथ कुछ हेल्दी और घर का बना स्नैक खाना चाहते हैं तो रागी के आटे और गुड़ से बनी कुकीज आपके लिए एक बेहतरीन ऑप्शन हैं. आज हम आपको घर पर बेकरी जैसी कुरकुरी और टेस्टी कुकीज बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.

Advertisement
X
घर पर इस आसान तरीके से बनाएं हेल्दी और टेस्टी कुकीज (Photo-ITG)
घर पर इस आसान तरीके से बनाएं हेल्दी और टेस्टी कुकीज (Photo-ITG)

Ragi Cookies Recipe: चाय या कॉफी के साथ कुकीज खाना लगभग हर किसी को पसंद होता है. हालांकि, बाजार में मिलने वाली ज्यादातर कुकीज मैदा और रिफाइंड चीनी से बनाई जाती हैं. ऐसे में अगर आप कुछ हेल्दी और टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं तो रागी के आटे और गुड़ से बनी कुकीज आपके लिए एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकती हैं. रागी में फाइबर, कैल्शियम और आयरन भरपूर मात्रा में होता है, जबकि गुड़ रिफाइंड चीनी की तुलना में बेहतर ऑप्शन माना जाता है. तो आइए जानते हैं रागी के आटे और गुड़ से कुकीज कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.

इंग्रेडिएंट्स (ingredients)

½ कप बटर
½ कप गुड़ का पाउडर
½ कप रागी का आटा
½ कप गेहूं का आटा
1 चुटकी नमक
½ छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर
3 बड़े चम्मच दूध
1 छोटा चम्मच वनीला एसेंस

रागी के आटे और गुड़ से कुकीज बनाते कैसे हैं?

  1. कुकीज बनाने के लिए सबसे पहले एक बाउल में बटर और गुड़ का पाउडर डालकर हैंड मिक्सर या व्हिस्क की मदद से अच्छी तरह फेंट लें, जब तक मिश्रण हल्का और फूला हुआ न हो जाए.
  2. अब इसमें रागी का आटा, गेहूं का आटा, नमक और बेकिंग पाउडर डालकर स्पैचुला से अच्छी तरह मिलाएं.
  3. इसके बाद दूध और वनीला एसेंस डालकर नरम आटा जैसा मिश्रण तैयार करें.
  4. तैयार मिश्रण को 15-20 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें.
  5. इस बीच ओवन को 180 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट कर लें और बेकिंग ट्रे पर बटर पेपर बिछा दें.
  6. अब मिश्रण से छोटे-छोटे गोले बनाकर हल्का दबाएं और कुकीज का आकार दें.
  7. सभी कुकीज को बेकिंग ट्रे पर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर रखें.
  8. इन्हें 15-20 मिनट तक या सुनहरा होने तक बेक करें.
  9. बेक होने के बाद कुकीज को बाहर निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें.
  10. ठंडी होने के बाद इन्हें एयरटाइट डिब्बे में भरकर कई दिनों तक स्टोर किया जा सकता है.

इन बातों का रखें ध्यान 

  • अगर आटा ज्यादा चिपचिपा लगे तो 5-10 मिनट और फ्रिज में रख दें.
  • कुकीज पूरी तरह ठंडी होने के बाद ही डिब्बे में रखें, ताकि वे कुरकुरी बनी रहें.
  • चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें कटे हुए बादाम, काजू या चॉकलेट चिप्स भी मिला सकते हैं.
---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement