How to Stay Cool in Summer: गर्मियों के मौसम में तेज धूप, पसीना और बढ़ता तापमान शरीर को जल्दी थका देता है. ऐसे में खानपान का खास ध्यान रखना चाहिए,अपनी डाइट में ऐसे फूड्स शामिल करने चाहिए, जो शरीर में पानी की कमी ना होने दें. इस सीजन में लोग फल के नाम पर सिर्फ आम खाने लगते हैं, जबकि आम के अलावा भी ऐसी कई फ्रूट्स होते हैं, जो हमारे शरीर को पोषण तत्व देते हैं, जिनको इस सीजन में जरूर डाइट में शामिल करना चाहिए.
हम आपको ऐसे फलों के बारे में बताने जा रहे हैं जो न सिर्फ शरीर को हाइड्रेट रखते हैं, बल्कि जरूरी पोषक तत्व भी देते हैं. आइए जानते हैं 5 ऐसे फलों के बारे में जो गर्मियों में आपकी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकते हैं.
आइस एप्पल
क्षिण भारत में मशहूर आइस एप्पल गर्मियों में जरूर खाना चाहिए, जिसे नुंगू या ताड़ फल भी कहा जाता है. यह फल पानी से भरपूर होता है और इसकी तासीर ठंडी मानी जाती है. गर्मियों में इसका सेवन शरीर को ठंडक पहुंचाने, डिहाइड्रेशन से बचाने और पाचन को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है. इसे खाने से वेट लॉस में भी मदद मिलती है.
जामुन
जामुन टेस्टी होने के साथ-साथ पोषक तत्वों से भरपूर फल है, इसमें विटामिन C, एंटीऑक्सीडेंट और कई जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं. जामुन खाने से ब्लड शुगर कंट्रोल रहता है, साथ ही यह शरीर में सूजन को कम करने और मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने में भी मदद करता है.
खरबूजा
गर्मियों में खरबूजा सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले फलों में से एक है. इसमें भरपूर मात्रा में पानी, विटामिन C, बीटा-कैरोटीन और एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं. यह शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ स्किन को हेल्दी बनाए रखने में भी मदद करता है. नियमित रूप से खरबूजा खाने से दिल की सेहत को भी फायदा मिलता है.
तरबूज
तरबूज को गर्मियों का सुपरफूड कहा जाए तो गलत नहीं होगा. इसमें लगभग 90 प्रतिशत से अधिक पानी होता है, जो शरीर में पानी की कमी नहीं होने देता. इसके अलावा इसमें लाइकोपीन, विटामिन A और विटामिन C जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को ठंडक देने, एनर्जी बनाए रखने और हार्ट हेल्थ में मददगार साबित होते हैं.
कटहल
कटहल स्वाद और पोषण दोनों का बेहतरीन सोर्स माना जाता है, इसमें फाइबर, पोटैशियम, विटामिन A और विटामिन C अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं. इसका फाइबर डाइजेस्टिव सिस्टम को हेल्दी रखने और लंबे समय तक पेट भरा महसूस कराने में मदद करता है. हालांकि, ज्यादा मात्रा में खाने से कुछ लोगों को गैस, पेट फूलना या असहजता महसूस हो सकती है, इसलिए इसे संतुलित मात्रा में खाना चाहिए.