भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पर वोट चोरी का आरोप लगाया है. बीजेपी विधायक का कहना है कि कांग्रेस ने कर्नाटक में वोट चोरी की है. हालांकि, इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी बीजेपी पर वोट चोरी का आरोप लगाते रहे हैं, लेकिन इस बार बीजेपी विधायक महेश तेंगिनाकाई ने कांग्रेस पर 'वोट चोरी' का आरोप लगाया है.
उन्होंने दावा किया कि MLC चुनाव के दौरान हावेरी में पार्टी कार्यकर्ता ने दूसरी महिला की पहचान का इस्तेमाल करके वोट डाला. वेस्ट ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव के दौरान, हावेरी असिस्टेंट कमिश्नर ऑफिस में बने पोलिंग स्टेशन नंबर 85 पर वोटर इंपर्सनेशन का आरोप लगाया गया है.
BJP का आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ता शिल्पा बदामनावर ने आशा पाटिल के नाम पर वोट डाला. आशा पाटिल, हावेरी जिला कांग्रेस कमेटी के प्रेसिडेंट संजीवकुमार निरालागी की पत्नी हैं.
शिल्पा, जिले के प्रभारी मंत्री रुद्रप्पा लमानी के साथ पोलिंग स्टेशन में दाखिल हुई थीं. जो राज्य में शुगर और टेक्सटाइल पोर्टफोलियो संभालते हैं.
बता दें, राहुल गांधी ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर वोट चोरी को लेकर कई बार हमला बोला है. उन्होंने बीजेपी पर वोट चोरी और चुनाव आयोग पर अपनी मनमानी करने का आरोप लगाया.
कर्नाटक के बेलगावी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा था कि एक ही झटके में करीब 15 हजार मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से मिटाने की खतरनाक साजिश रची जा रही थी. मात्र तीन दिनों (22, 23 और 24 सितंबर) में मतदाता सूची से इतने बड़े पैमाने पर नाम हटाने के लिए फॉर्म 7 की बाढ़ सी आ गई. वहीं, अब बीजेपी ने कांग्रेस पर वोट चोरी के आरोप लगाए हैं.