दुनिया में कुछ जगहें ऐसी हैं, जहां बर्फ से ढके पहाड़ हैं, घने जंगल और ऐसी घाटियां, जहां पहुंचना आज भी आसान नहीं है. उनमें से एक जगह है स्टार माउंटेंस, जो अपनी दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, घने जंगलों और अनोखी प्राकृतिक दुनिया के लिए जानी जाती है. ये जगह इतनी दुर्गम है कि यहां आम इंसान का पहुंचना इतना मुश्किल है कि आम लोग यहां पहुंच ही नहीं सकते. बड़ी मशक्कत के बाद हेलिकॉप्टर्स की मदद से फिर भी कुछ वैज्ञानिक जाने की कोशिश कर चुके हैं. तो जानते हैं इस जगह के बारे में, जहां कोई पहुंच नहीं पाता है और कुछ रिपोर्ट्स में तो यहां एलियन होने की बात भी कही गई है.
है कहां ये स्टार माउंटेंस?
स्टार माउंटेंस पश्चिमी न्यू गिनी के पहाड़ी क्षेत्र में स्थित हैं. यह पर्वत श्रृंखला इंडोनेशिया के पापुआ क्षेत्र से लेकर पापुआ न्यू गिनी तक फैली हुई है. यहां ऊंचे पहाड़, गहरी घाटियां और घने जंगल देखने को मिलते हैं. इस इलाके की सबसे बड़ी खासियत इसकी भौगोलिक स्थिति है, जो इसे दुनिया के मुश्किल पहुंच वाले क्षेत्रों में शामिल करती है.
यहां के अधिकतर हिस्सों में रास्ते नहीं हैं. दूरदराज के गांवों तक पहुंचने के लिए पैदल चलना पड़ता है, जबकि कुछ जगहों पर हवाई यात्रा ही व्यावहारिक विकल्प है. यही वजह है कि यहां सामान्य पर्यटन दूसरे लोकप्रिय पहाड़ी इलाकों की तरह विकसित नहीं हो पाया है. पापुआ इंसेक्ट्स फाउंडेशन की जानकारी के मुताबिक, यहां अब्मिसिबिल और माबिलाबोल जैसे गांव भी हैं. स्टार माउंटेंस के आसपास के जंगल प्राकृतिक विविधता से भरपूर हैं. यहां अलग-अलग ऊंचाइयों पर जंगलों और वनस्पतियों का स्वरूप बदलता जाता है. इस क्षेत्र में पक्षियों, कीटों और दूसरे जीवों की विविधता वैज्ञानिकों के लिए खास दिलचस्पी का विषय रही है.
वन अर्थ के अनुसार, न्यू गिनी के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में कुछ ऐसे जीव भी मिलते हैं, जो खास पर्यावरण में विकसित हुए हैं. इनमें पेड़ों पर रहने वाला ट्री कंगारू भी शामिल है. हालांकि, हर प्रजाति का स्टार माउंटेंस में पाया जाना अलग से प्रमाणित करना जरूरी है. इस पर्वत श्रृंखला की पहचान इसकी ऊंची चोटियां भी हैं. यहां माउंट जुलियाना यानी पुंचक मंडाला की ऊंचाई लगभग 4,700 मीटर बताई जाती है. इतनी ऊंचाई, दुर्गम रास्ते और मुश्किल मौसम पर्वतारोहण को चुनौतीपूर्ण बनाते हैं. पापुआ की पर्वतीय भूगोल संबंधी रिपोर्ट में इस क्षेत्र के हिमनदों और ऊंचाई वाले पर्यावरण का भी उल्लेख मिलता है.
तो क्या यहां कोई इंसान नहीं जाता? ऐसा नहीं है. यहां स्थानीय ट्राइब लोग रहते हैं और कुछ वैज्ञानिक जा चुके हैं. असल बात यह है कि स्टार माउंटेंस का बड़ा हिस्सा आम पर्यटकों की पहुंच से दूर है. यही दुर्गमता इस क्षेत्र को रहस्यमयी बनाती है और इसकी प्राकृतिक दुनिया को समझने के लिए लगातार शोध की जरूरत बनी हुई है.